
Mumbai , 18 सितंबर . क्विज गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ में Actor अनिल कपूर ने अपने बचपन का एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर आज भी उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. उन्होंने बताया कि Mumbai के चेंबूर के तिलक नगर में रहने के दौरान उनकी और उनके दोस्तों की नजर जैसे ही किसी शादी पर पड़ती थी, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता था.
शादी में बुलावा आया है या नहीं, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता था. हम सभी तैयार होकर सीधे शादी में पहुंच जाते थे. वहां किसी को शक न हो, इसके लिए लोगों को नमस्ते करते हुए ऐसे आगे बढ़ते, जैसे घर के ही कोई रिश्तेदार हों.
अनिल कपूर ने अपने उस दौर को याद करते हुए कहा, ”हम चेंबूर में तिलक नगर में रहते थे. वहां छोटी-बड़ी बहुत शादियां होती थीं. तो मैं और मेरे दोस्त मिलकर शादियों में चले जाते थे. फ्री में कुछ मिलना किसको पसंद नहीं है? फ्री में कुछ भी मिले, गिफ्ट मिले या खाना, इंसान कहीं भी चला जाता है.”
अनिल कपूर ने बताया कि शादी में जाने का असली आकर्षण उनके लिए खाना ही नहीं होता था. उन्हें गोल्ड स्पॉट और मंगोला पीना बेहद पसंद था. यही वजह थी कि शादी में पहुंचते ही उनकी नजर सीधे ठंडे पेय वाले काउंटर पर होती थी.
उन्होंने शो में हंसते हुए बताया, ”मैं वहां सिर्फ गोल्ड स्पॉट और मंगोला पीने जाता था. हम ‘नमस्ते, नमस्ते, कैसे हो?’ करते हुए सीधे काउंटर पर पहुंच जाते. फिर 11-12 बोतल गोल्ड स्पॉट और मंगोला पी जाते थे.”
Actor ने अपने इस बचपन के कारनामे को मशहूर कहावत ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ से जोड़ते हुए कहा, ‘आपने कहावत सुनी होगी, “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना.” असल में यह होना चाहिए, “बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना.”‘
अनिल कपूर अब एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाले हैं. वह ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ कार्यक्रम में मंच संभालते दिखाई देंगे. इस कार्यक्रम का प्रसारण 19 सितंबर से स्टार प्लस पर होगा और इसे जियोहॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा.
–
पीके/एएस