Skip to content
Saturday, 7 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

दूसरा टेस्ट: वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘दोहरे शतक’ के साथ तौहीद ने इतिहास रचा, बांग्लादेश ने हासिल की बढ़त

दूसरा टेस्ट: वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘दोहरे शतक’ के साथ तौहीद ने इतिहास रचा, बांग्लादेश ने हासिल की बढ़त

सिलहट, 7 नवंबर . तौहीद हिरदॉय के नाबाद ‘दोहरे शतक’ की मदद से बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल की. सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में तौहीद 242 रन बनाकर नाबाद रहे. यह टेस्ट फॉर्मेट में किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी है.

तौहीद ने 359 गेंदों में 11 छक्के और 22 चौके जड़ते हुए मुशफिकुर रहीम के 219* रन के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो उन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मीरपुर में बनाया था.

सीरीज के दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 356 रन बनाए. कैरेबियन टीम ने महज 27 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद आमिर जंगू ने केविन विकहम के साथ चौथे विकेट के लिए 131 रन, जबकि जस्टिन ग्रीव्स के साथ 106 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

आमिर जंगू 15 बाउंड्री के साथ 133 रन बनाकर आउट हुए, जबकि केविन विकहम ने 61 रन की पारी खेली. इनके अलावा, जस्टिन ग्रीव्स 51 रन बनाकर आउट हुए. इस पारी में हसन महमूद ने 90 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जबकि तस्किन अहमद और मेहदी हसन मिराज ने 2-2 विकेट चटकाए.

इसके जवाब में लड़खड़ाती शुरुआत के बावजूद बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 386 रन बनाकर 30 रन की बढ़त हासिल कर ली. मेजबान टीम ने 51 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद तौहीद हिरदॉय ने मोर्चा संभाला. उन्होंने मुशफिकुर रहीम के साथ चौथे विकेट के लिए 73 रन जुटाकर टीम को 124 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन मुशफिकुर (34) के आउट होने के बाद टीम फिर से लड़खड़ा गई. आलम ये रहा कि 184 के स्कोर तक 7 विकेट गिर गए.

यहां से तौहीद ने तैजुल इस्लाम के साथ आठवें विकेट के लिए 117 रन जोड़कर टीम को 300 के पार पहुंचाया. तैजुल 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद तौहीद (नाबाद 242) ने तस्कीन अहमद (12) के साथ नौवें विकेट के लिए 85 रन जोड़कर टीम को 386 रन तक पहुंचाया. वेस्टइंडीज की तरफ से जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि जायडेन सील्स को 2 विकेट हाथ लगे.

वेस्टइंडीज की टीम ने दिन की समाप्ति तक 4 ओवरों का सामना करते हुए 7 रन जुटा लिए हैं. सलामी जोड़ी के रूप में ब्रेंडन किंग (5) और जोशुआ दा सिल्वा (2) फिलहाल नाबाद हैं.

वेस्टइंडीज ने सीरीज का पहला मैच 8 विकेट से अपने नाम किया था, जिसके बाद मेहमान टीम की निगाहें सीरीज के अंतिम मैच को जीतकर 2-0 से ‘क्लीन स्वीप’ पर होंगी.

–

आरएसजी

Share