दशहरा के पावन पर्व पर दिल्ली के स्वामिनारायण अक्षरधाम में भव्य ‘विश्व शांति महायज्ञ’

New Delhi, 20 अक्टूबर . विजयदशमी के पावन पर्व पर New Delhi स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में ‘विश्व शांति महायज्ञ’ का भव्य आयोजन किया गया. देश-विदेश के अनेक मंदिरों से पधारे तीस संतों-महंतों ने विश्व शांति के लिए वैदिक प्रार्थना की. इस पवित्र विधि में हजारों श्रद्धालुओं ने यजमान के रूप में भाग लेकर मंगलमय संकल्प किए.
इस विशेष उत्सव में पूरे अक्षरधाम परिसर को रंगोली और धजा-पताका से सजाया गया था. प्रातः 6:00 बजे संतों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ. वैदिक परंपरा के अनुरूप 108 यज्ञकुंडों में पवित्र आहुतियां अर्पित की गईं. आज के इस उत्सव में बड़ी संख्या में महिला और बच्चों की उपस्थिति भी देखी जा सकती थी.
आपको बता दें कि बीएपीएस (अक्षरधाम संस्थान) संस्था के प्रमुख गुरुहरि महंत परम पूज्य महंतस्वामी महाराज ने इस विश्व शांति यज्ञ की शुरुआत की थी, तब से प्रतिवर्ष दशहरा के अवसर पर अक्षरधाम परिसर में विश्व शांति महायाग का आयोजन होता रहा है.
इस अवसर पर गुरुजी महंत स्वामी महाराज के संदेश को दोहराया गया, जिसमें बताया कि आज विश्व में जहां कहीं भी युद्ध, हिंसा और अराजकता का माहौल है, वह जल्द समाप्त हो जाए. सभी लोग प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ जीवन यापन करें. सभी के जीवन में श्रद्धा, भक्ति और निष्ठा का उद्भव हो, ऐसी भगवान स्वामिनारायण के चरणों में प्रार्थना.
बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व पर श्रद्धालुओं ने न केवल अपने लिए, बल्कि संपूर्ण विश्व में शांति, एकता और बंधुता के प्रसार के लिए प्रार्थना की. इस दौरान उपस्थित सभी जनों ने अपने जीवन से नकारात्मकता, अहंकार और घृणा को त्यागकर सकारात्मकता अपनाने का संकल्प लिया.
–
डीकेपी/


