डब्ल्यूबीबीएल सीजन 12: एडिलेड स्ट्राइकर्स में लौटीं सोफी एक्लेस्टोन, जानिए कैसा रहा है रिकॉर्ड?

एडिलेड, 10 सितंबर . इंग्लैंड की स्टार खिलाड़ी सोफी एक्लेस्टोन विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) सीजन 12 के लिए एडिलेड स्ट्राइकर्स में वापसी करेंगी. 27 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर ने पिछले सीजन में स्ट्राइकर्स के लिए डेब्यू किया था और वह एक बार फिर टीम की बॉलिंग लाइन-अप में अनुभव और गुणवत्ता जोड़ेंगी.

विमेंस बिग बैश लीग का आगामी सीजन 29 अक्टूबर से 5 दिसंबर के बीच खेला जाएगा. पहले मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स और सिडनी सिक्सर्स की टीमें आमने-सामने होंगी. एडिलेड स्ट्राइकर्स 31 अक्टूबर को कैरन रोल्टन ओवल में मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.

एक्लेस्टोन ने एडिलेड स्ट्राइकर्स में वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, “मैं टीम के साथ दोबारा जुड़ने और पिछले सीजन में हासिल की गई कामयाबियों को आगे बढ़ाने के लिए बहुत उत्साहित हूं. हम अगला कदम उठाने और फाइनल में जगह बनाने की कोशिश के लिए खुद को मजबूत स्थिति में लाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.”

स्ट्राइकर्स के कोच ल्यूक विलियम्स ने कहा कि एक्लेस्टोन की वापसी से टीम को बहुत मजबूती मिलेगी. विलियम्स ने कहा, “सोफी एक वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी हैं. उनका हुनर, अनुभव और दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने की काबिलियत उन्हें हमारी टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी बनाती है. सोफी जैसी काबिल खिलाड़ी के आने से हमारी बॉलिंग मजबूत होगी और टीम को बेहतरीन नेतृत्व भी मिलेगा.”

एक्लेस्टोन को महिला क्रिकेट की बेहतरीन गेंदबाजों में से एक माना जाता है और वह आईसीसी महिला टी20 और वनडे, दोनों फॉर्मेट में ‘नंबर 1’ गेंदबाज रह चुकी हैं. एक्लेस्टोन ने विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 में इंग्लैंड के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाते हुए 3.83 की इकॉनमी रेट से 21 विकेट लिए थे, जिसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 36/6 का करियर-बेस्ट भी शामिल था. साल 2023 में, एक्लेस्टोन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लिए.

वह विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में सर्वाधिक विकेट लेने हासिल करने वालीं गेंदबाज भी रहीं, जिन्होंने टूर्नामेंट में कुल 16 विकेट चटकाए. विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने 10 विकेट लेकर इंग्लैंड को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी.

सोफी ने अपने करियर में अब तक 32 विमेंस बिग बैश लीग मैच खेले हैं, जिसमें 21.70 की औसत के साथ 37 विकेट हासिल किए. इस दौरान उनके बल्ले से 192 रन भी निकले हैं.

इस साल जुलाई में, एक्लेस्टोन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वालीं इंग्लैंड की महिला गेंदबाज बनीं, उन्होंने लॉर्ड्स में India के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच के दौरान कैथरीन साइवर-ब्रंट के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा था.

आरएसजी

Leave a Comment