
Mumbai , 3 सितंबर . टीवी ने भगवान कृष्ण की लीलाओं को करोड़ों घरों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है. जब धार्मिक सीरियल घर-घर में देखे जाने लगे तो पर्दे पर कृष्ण का किरदार निभाने वाले कलाकार भी अचानक लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गए. खास बात यह रही कि इनमें से कई कलाकारों की पहचान कृष्ण वाला रूप ही बन गया. किसी कलाकार को लोग कृष्ण के नाम से याद करने लगे, तो किसी के चेहरे और आवाज को कृष्ण की छवि से जोड़ दिया गया.
नितीश भारद्वाज :- जब भी टीवी के कृष्ण की बात होती है तो सबसे पहले नितीश भारद्वाज का नाम याद आता है. बी.आर. चोपड़ा के ‘महाभारत’ में उन्होंने भगवान कृष्ण का किरदार निभाया था. 90 के दशक में जब यह शो टीवी पर आता था तो बड़ी संख्या में लोग इसे देखते थे. नितीश का शांत स्वभाव और बोलने के अंदाज ने कृष्ण के किरदार को खास बना दिया. उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी वह जहां जाते हैं, लोग उन्हें कृष्ण के रूप में पहचानते हैं.
सर्वदमन डी. बनर्जी :- रामानंद सागर के ‘श्री कृष्णा’ ने सर्वदमन डी. बनर्जी को भी ऐसी ही पहचान दी. इस सीरियल में उन्होंने भगवान कृष्ण का किरदार निभाया और दर्शकों ने उनके अभिनय को काफी पसंद किया. उनके चेहरे और सादगी भरे अंदाज ने कृष्ण की एक अलग छवि लोगों के मन में बनाई. टीवी पर लोकप्रिय कृष्ण के किरदार की जब भी बात होती है तो सर्वदमन का नाम भी जरूर लिया जाता है.
धृति भाटिया – कृष्ण के रूप में धृति भाटिया की कहानी थोड़ी अलग थी. उन्होंने ‘जय श्री कृष्ण’ में सिर्फ दो साल की उम्र में बाल कृष्ण का किरदार निभाया था. इतनी कम उम्र में निभाए गए इस किरदार ने उन्हें रातों-रात पहचान दिला दी. दर्शकों को उनका मासूम चेहरा और बाल कृष्ण का रूप बहुत पसंद आया. बाद में उन्होंने अपने इस धार्मिक किरदार से बाहर निकलकर दूसरे टीवी शोज में भी काम किया.
विशाल करवाल – ‘द्वारकाधीश- भगवान श्री कृष्ण’ में विशाल करवाल ने कृष्ण की भूमिका निभाई. इससे पहले दर्शक उन्हें रियलिटी और दूसरे टीवी शोज में देख चुके थे, इसलिए उनके कृष्ण बनने पर काफी चर्चा हुई. लेकिन शो में उन्होंने अपने अंदाज से दर्शकों को प्रभावित किया. उनके लुक, फिट बॉडी और स्क्रीन प्रेजेंस ने कृष्ण के किरदार को एक अलग रूप दिया.
सौरभ राज जैन – 2013 में आए नए ‘महाभारत’ में सौरभ राज जैन ने कृष्ण का किरदार निभाया और यह रोल उनके करियर का बड़ा मोड़ बन गया. उनकी आवाज, लाइन्स बोलने का अंदाज और गंभीर व्यक्तित्व ने कृष्ण की भूमिका को अलग पहचान दी. खासकर शो में दिए गए कृष्ण के उपदेशों वाले सीन दर्शकों के बीच काफी पसंद किए गए. इस किरदार के बाद सौरभ राज जैन का नाम टीवी के लोकप्रिय कृष्ण के तौर पर लिया जाने लगा.
सुमेध मुद्गलकर – ‘राधाकृष्ण’ में सुमेध मुद्गलकर ने कृष्ण की भूमिका निभाई. उनके साथ राधा का किरदार मल्लिका सिंह ने निभाया था. शो में कृष्ण और राधा की प्रेम कहानी को केंद्र में रखा गया था. सुमेध के चुलबुले अंदाज, मुस्कान और स्क्रीन प्रेजेंस को युवा दर्शकों ने बेहद पसंद किया. वहीं, मृणाल जैन ने ‘कहानी हमारे महाIndia की’ में कृष्ण का रोल निभाकर अपने करियर की शुरुआत की थी.
–
पीके/एबीएम