झारखंड : हजारीबाग में मिला रांची से गायब शराब लदा ट्रक, केबिन से चालक का शव बरामद

रांची, 6 नवंबर . रांची के तुपुदाना से शराब की खेप लेकर निकले एक ट्रक के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है, जो हजारीबाग जिले के चौपारण क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद हुआ है. ट्रक के केबिन के अंदर से चालक का शव मिला है, जबकि वाहन में लदी लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब पूरी तरह गायब है. आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी आपराधिक गिरोह ने चालक की हत्या कर शराब लूट ली है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रक शराब की खेप लेकर तुपुदाना से रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में ही इसका संपर्क अचानक टूट गया. वाहन के लगातार संपर्क से बाहर रहने पर जब खोजबीन शुरू हुई, तब इसके हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में खड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही Police फौरन मौके पर पहुंची. जब ट्रक की अंदरूनी जांच की गई, तो ड्राइवर मृत अवस्था में केबिन के अंदर मिला.
वहीं, ट्रक की बॉडी पूरी तरह खाली थी और उसमें लादकर ले जाई जा रही लाखों रुपये की शराब का एक भी कार्टन वहां नहीं बचा था. Police ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके अलावा, फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और ट्रक के अंदर से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं.
Police अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि तुपुदाना से चला यह ट्रक चौपारण तक किन-किन रास्तों से गुजरा, उसे रास्ते में कहां रोका गया और इतनी बड़ी मात्रा में शराब को उतारकर कौन लोग फरार हो गए. प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के हालात को देखकर Police इस बात की प्रबल आशंका जता रही है कि शातिर अपराधियों ने शराब की लूटपाट को अंजाम देने के लिए ही चालक की निर्मम हत्या की होगी.
हालांकि, Police हत्या और लूट की इस सुनियोजित साजिश के हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही है. ट्रक के मूवमेंट, उसके रूट, चालक के मोबाइल कॉल डिटेल्स और शराब परिवहन से जुड़े लोगों की भी कुंडली खंगाली जा रही है. Police अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी अनुसंधान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे हत्याकांड और शराब चोरी की असल तस्वीर साफ हो सकेगी.
–
एसएनसी/एसके


