Skip to content
Sunday, 15 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
धर्म,राष्ट्रीय

जनआस्था का प्रमुख केंद्र है बिहार का उलार सूर्य मंदिर, राजा सांब से जुड़ा है महत्व: अवध बिहारी दास

जनआस्था का प्रमुख केंद्र है बिहार का उलार सूर्य मंदिर, राजा सांब से जुड़ा है महत्व: अवध बिहारी दास

पालीगंज, 14 नवंबर . उलार सूर्य मंदिर जनआस्था और धार्मिक विश्वास का प्रमुख केंद्र है. छठ पूजा के अवसर पर यहां देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु भगवान सूर्य का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं. मंदिर के महंत अवध बिहारी दास ने मंदिर के पौराणिक महत्व और इससे जुड़ी सदियों पुरानी मान्यताओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस स्थल का उल्लेख स्कंद पुराण में भी मिलता है. उन्होंने इसे सिद्ध स्थल बताते हुए कहा कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना भगवान की कृपा से पूरी होती है. यही वजह है कि छठ पर्व के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.

महंत अवध बिहारी दास ने बताया कि उलार सूर्य मंदिर की कथा भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र राजा सांब से जुड़ी हुई है. राजा सांब, भगवान श्रीकृष्ण और उनकी रानी जाम्बवती के पुत्र थे. सांब अत्यंत सुंदर थे और अपनी सुंदरता पर उन्हें अभिमान हो गया था. इसी अभिमान में उन्होंने गर्गाचार्य का अपमान कर दिया. इससे नाराज होकर गर्गाचार्य ने उन्हें श्राप दिया कि उनका सुंदर स्वरूप विकृत हो जाएगा. श्राप के प्रभाव से सांब को कुष्ठ रोग हो गया और उनका शरीर विकृत हो गया. इस बीमारी के कारण सांब बहुत दुखी रहने लगे. इसी दौरान नारद जी भगवान से मिलने पहुंचे. वहां उनकी नजर सांब पर पड़ी. सांब ने उन्हें दंडवत प्रणाम किया. उनकी स्थिति देखकर नारद जी को दया आई और उन्होंने भगवान से सांब के रोग से मुक्ति का उपाय पूछा. भगवान ने उन्हें ऐसी विधि कराने का निर्देश दिया, जिससे सांब को इस व्याधि से छुटकारा मिल सके.

महंत ने बताया कि इसके बाद आचार्यों, वैद्यों और ऋषि-मुनियों को बुलाया गया. सभी ने विचार-विमर्श के बाद निष्कर्ष निकाला कि भगवान सूर्य, जिन्हें आरोग्य भी कहा जाता है, की आराधना से ही सांब को रोग से मुक्ति मिल सकती है. इसके लिए बारह अर्क स्थलों की परंपरा के अंतर्गत ओलार्क स्थल पर सूर्य उपासना कराई गई. उन्होंने बताया कि बारह महीने और बारह राशियों के आधार पर सूर्य की आराधना की गई. सूर्य देव वर्ष के बारह महीनों में बारह राशियों का भोग करते हैं और प्रत्येक महीने उनकी राशि बदलती है. इसी मान्यता के अनुसार बारह राशियों के क्रम में बारह महीने तक सूर्य की उपासना कराई गई.

महंत अवध बिहारी दास ने कहा कि सूर्य देव की आराधना के बाद राजा सांब का कुष्ठ रोग समाप्त हो गया और उनका स्वरूप पहले जैसा हो गया. इसी घटना के बाद यह स्थल आरोग्य धाम के रूप में विकसित हुआ. उन्होंने कहा कि आज भी उलार सूर्य मंदिर जनआस्था का प्रतीक बना हुआ है और श्रद्धालु यहां आकर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना करते हैं तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं. महंत ने आगे कहा कि छठ पूजा के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ इस स्थान के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा और विश्वास को दर्शाती है. देश-विदेश से आने वाले भक्त भगवान सूर्य की उपासना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं.

–

पीएसके

Share