
छतरपुर, 9 अक्टूबर . Madhya Pradesh के छतरपुर जिले में ढोढ़न बांध के पास केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम करने वाले मजदूरों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई. इस हादसे में एक मजदूर की मौत होने की सूचना है, जबकि करीब 15 मजदूर घायल हुए हैं. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
बताया गया कि Thursday की रात बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद उसकी रफ्तार बढ़ गई. इस दौरान जान बचाने के लिए कई मजदूर चलती बस से कूद गए. जानकारी के अनुसार, बस में करीब 48 मजदूर सवार थे. सभी मजदूर केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम खत्म करने के बाद घर जाने के लिए बस से रवाना हुए थे.
इसी दौरान बमीठा थाना क्षेत्र में ढोढ़न बांध के पास अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया. बस की रफ्तार बढ़ने पर चालक ने मजदूरों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घबराहट में कई मजदूर चलती बस से कूदने लगे.
गोरखपुर के निवासी एक घायल मजदूर ने समाचार एजेंसी को बताया कि काम पूरा होने के बाद सभी लोग बस से जा रहे थे. अचानक ब्रेक फेल होने से बस की गति बढ़ गई. चालक ने भी बस की रफ्तार बढ़ने की बात बताई, जिसके बाद मजदूरों ने जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी. घायल मजदूर ने हादसे में 20 से 22 लोगों के घायल होने और एक मजदूर की मौत होने की बात कही है.
वहीं, जिला अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक रोशन द्विवेदी ने को बताया कि रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हादसे में घायल लगभग 15 लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई. अन्य 14 घायलों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि घायलों में शामिल सभी पुरुष थे. इनमें कोई महिला नहीं थीं. उन्होंने यह भी बताया कि बस में सवार अधिकांश मजदूर बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. फिलहाल घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है.
–
डीसीएच/