Skip to content
Monday, 2 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

ग्लेन फिलिप्स ने रचा इतिहास, फिल साल्ट को पीछे छोड़ इस मामले में बने ‘नंबर 1’

ग्लेन फिलिप्स ने रचा इतिहास, फिल साल्ट को पीछे छोड़ इस मामले में बने ‘नंबर 1’

हैमिल्टन, 1 नवंबर . न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए पांचवें टी20 में टीम इंडिया को 7 विकेट से हराया. न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स के लिए यह सीरीज यादगार रही. उन्होंने पांच मैचों में से चार में अर्धशतकीय पारी खेली. फिलिप्स ने अपने दमदार प्रदर्शन के बूते टी20 में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है.

ग्लेन फिलिप्स एक टी20 बाइलेटरल (द्विपक्षीय) सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने पांच मैचों की टी20 सीरीज में कुल 341 रन बनाए. कीवी बल्लेबाज ने इंग्लैंड के फिल साल्ट को इस मामले में पीछे छोड़ा है. साल्ट ने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई सीरीज में 331 रन बनाए थे.

पांचवें और आखिरी टी20 में भी फिलिप्स का प्रदर्शन दमदार रहा. उन्होंने 38 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए. फिलिप्स ने टिम सीफर्ट के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 86 रनों की साझेदारी निभाई और न्यूजीलैंड को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

सीफर्ट ने 50 गेंदों में 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से 93 रन बनाए. डेरिल मिचेल ने 16 गेंदों में 29 रनों का योगदान दिया. न्यूजीलैंड का यह टी20 में तीसरा सबसे बड़ा रन चेज है.

इससे पहले, भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 191 रन लगाए. टीम की ओर से ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली. वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 23 गेंदों में 50 रन बनाए. अंत के ओवरों में नमन धीर ने 23 गेंदों में 33 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 17 गेंदों में 22 रनों का योगदान दिया.

न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में एडम मिल्ने ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 19 रन खर्च करते हुए 4 विकेट चटकाए. वहीं, नाथन स्मिथ और ब्लेक टिकनर ने दो-दो विकेट निकाले. पांचवें टी20 में जीत दर्ज करने के बावजूद न्यूजीलैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-3 से गंवानी पड़ी.

–

एसएम/एबीएम

Share