गुजरात में वांसदा के भीनार गांव में तेंदुए का आतंक, तीन साल के बच्चे की मौत

नवसारी, 6 अक्टूबर . Gujarat में नवसारी जिले के वांसदा तालुका के भीनार गांव में तेंदुए के हमले से सनसनी फैल गई. यहां घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय बच्चे को तेंदुआ उठाकर खेतों की ओर ले गया. घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे का शव खेत के पास से बरामद किया गया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक, भीनार गांव के कुंभार फलिया में तीन वर्षीय आरव पटेल घर के बाहर खेल रहा था. इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और बच्चे को उसकी मां की आंखों के सामने उठाकर खेतों की ओर ले गया. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों, Police और वन विभाग की टीम ने बच्चे की तलाश शुरू की.

सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर और कर्मचारी मौके पर पहुंचे. Police की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुई. काफी देर तक खेतों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया. इसके बाद बच्चे का शव बरामद कर लिया गया. वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए वांसदा कॉटेज अस्पताल भेज दिया है.

धर्मपुर सब-डिविजन के एसीएफ भागीरथ सिंह झाला ने बताया कि रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच वन विभाग को भीनार गांव इलाके से सूचना मिली थी कि एक तेंदुआ दो-तीन साल के बच्चे को उठाकर ले गया है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और Police मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. उन्होंने बताया कि बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है और फिलहाल पोस्टमार्टम तथा जांच की प्रक्रिया जारी है.

एसीएफ ने बताया कि शुरुआती जानकारी में तेंदुए के हमले की आशंका है, लेकिन हमले की पुख्ता पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को मिलने वाली अनुग्रह राशि और अन्य लागू मुआवजे की प्रक्रिया के लिए आवश्यक कानूनी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं.

वहीं, बच्चे पर हमला करने वाले तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है. रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर के नेतृत्व में पांच टीमें तैनात की गई हैं. टीमों द्वारा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उसे पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी सतर्कता बरत रहे हैं.

–

एसएके/एएस

Leave a Comment