कांग्रेस नेताओं का दावा-इंडिया ब्लॉक की रैली में जुटेंगे 10 लाख से ज्यादा लोग, व्यापारियों को नुकसान पहुंचाना मकसद नहीं

New Delhi, 31 अक्टूबर . दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो चुकी है. भाजपा नेताओं ने रैली के कारण व्यापारियों और आम लोगों को होने वाली परेशानियों पर सवाल उठाए, इसी बीच कांग्रेस नेताओं ने पलटवार किया है.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रैली आयोजित करने का मकसद व्यापारी वर्ग को किसी तरह का नुकसान पहुंचाना नहीं है. इस रैली में 10 लाख से अधिक लोग शामिल होंगे.
कांग्रेस सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि 1 नवंबर को यहां पर ‘वोट बचाओ’ को लेकर रैली होने वाली है. हमारी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया जाए. अगर इस मामले में संसद में ठीक से चर्चा हुई होती, तो आज ऐसी नौबत नहीं आती. उन्होंने कहा कि इस रैली को सफल बनाने के लिए देशभर से लोग यहां आ रहे हैं.
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि 10 लाख से ऊपर लोग आएंगे. दिल्ली का दिल बहुत बड़ा है. रैली के कारण व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका के सवाल पर उन्होंने कहा कि Wednesday को जब मार्केट खुली हुई थी, तब भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की रैली से व्यापारियों को नुकसान नहीं हुआ लेकिन Sunday को जब मार्केट बंद है, तब विपक्ष की रैली से व्यापारियों को नुकसान हो जाएगा? बताइए, इस बात पर कौन विश्वास करेगा?
उन्होंने कहा कि बहुत अच्छी व्यवस्था है और पूरी तैयारी हो चुकी है. बरसात के बावजूद हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत आपको कल देखने को मिलेगी.
कांग्रेस सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि संविधान पर हमला हो रहा है. संविधान द्वारा बनाई गई सभी संवैधानिक संस्थाओं पर एक-एक करके भाजपा Government ने कब्जा कर लिया है. लाखों-करोड़ों वोट काटकर हारी हुई Government को जिताने का काम किया गया है. देश का संविधान खतरे में है, इसलिए रामलीला मैदान का पंडाल छोटा पड़ जाएगा. लोग बहुत उत्साहित हैं. कई लोग दिल्ली पहुंच चुके हैं और कई अभी आ रहे हैं. एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक रैली होगी. सीईसी ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना होगा. उन्होंने कहा कि व्यापारी हमारे भाई हैं. हमारा मकसद उनका नुकसान कराना नहीं है. संविधान और लोकतंत्र खतरे में है, उसे बचाना हमारी प्राथमिकता है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने रैली के कारण व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका के सवाल पर कहा कि जब देश का लोकतंत्र और संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी हम दीपावली और होली मना पाएंगे. यह रैली देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है. यह राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के साथियों का आह्वान है. अब यह एक जनआंदोलन बन चुका है.
कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि एक नवंबर को Sunday है और आसपास का बाजार बंद रहता है. जब लाखों लोग दिल्ली आएंगे तो उससे व्यापार बढ़ेगा. व्यापार के नुकसान का सवाल नहीं है. भाजपा से जुड़े व्यापारी झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं. मैं यह कहता हूं कि जो व्यापारी भाजपा के झूठ में शामिल नहीं हैं, उन सभी का इस रैली में आह्वान है. आइए, हमारे साथ शामिल हों. हम लोगों के वोट को बचाने का काम करेंगे. यह एक ऐतिहासिक रैली है. राहुल गांधी और खड़गे के नेतृत्व में पूरा इंडिया ब्लॉक मिलकर आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ रहा है. इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों लोग शामिल होने आ रहे हैं. पिछले 20 साल में शायद इतनी बड़ी रैली कभी नहीं हुई होगी. लोग पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपनी जेब से खर्च करके इसमें शामिल होने आ रहे हैं. यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है. संवैधानिक संस्थाओं और वोट के अधिकार को बचाने की लड़ाई है. यह देश का आंदोलन है, जिसमें लोग बढ़-चढ़कर शामिल हो रहे हैं. हम दिल्ली में सभी का स्वागत करेंगे.
कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि मुझे बताइए कि व्यापारी वर्ग को नुकसान कैसे होगा, उल्टा फायदा होगा. 8-10 लाख लोग दिल्ली में आएंगे, दीपावली का त्यौहार है तो लोग रैली में हिस्सा लेने के बाद घूमेंगे-फिरेंगे, शॉपिंग करेंगे. इससे तो व्यापारियों का भला होने वाला है. व्यापारियों का कारोबार बढ़ने वाला है. यह तो दो-चार लोग हैं जो भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर हो-हल्ला मचाये हुए हैं.
–
डीकेएम/पीएम


