
ग्रेटर नोएडा, 31 अगस्त . ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 Police ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बाजार में कम कीमत पर बेचने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है. Police ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के 154 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं. इसके अलावा Police ने 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है.
Police के मुताबिक, आरोपियों को 31 अगस्त 2026 को थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव कुमार (30), मनोज कुमार (25), रवि कुमार (32), विनीत उर्फ मसना (23), मौ0 शोएब (24) और हसीबुर्रहमान (32) के रूप में हुई है.
Police जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कुमार है. Police के अनुसार केशव पूर्व में भी चोरी समेत कई मामलों में जेल जा चुका है. वह बीटा-2 थाना क्षेत्र के साइट-4 स्थित एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में कंटेनर चालक के पद पर नौकरी करता था. कंपनी में तैयार किए गए मोबाइल फोन जब अलग-अलग स्थानों पर ऑर्डर डिलीवरी के लिए भेजे जाते थे, तो केशव अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर की सील खोल देता था. इसके बाद कंटेनर में लदे मोबाइल फोन के कार्टूनों से चिट हटाकर मोबाइल निकाल लिए जाते थे.
चोरी किए गए मोबाइल फोन को गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर मांग के अनुसार बाजार कीमत से कम दाम में बेच देते थे. Police के मुताबिक, इस तरीके से आरोपी अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे. Police के अनुसार कंपनी में ऑडिट के दौरान 165 मोबाइल फोन गायब मिले थे. इसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर 24 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज किया गया था. मामले में चालक केशव कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.
जांच के दौरान Police ने सर्विलांस और cctv फुटेज की मदद से आरोपियों की गतिविधियों को ट्रेस किया. तकनीकी साक्ष्यों और Police जांच के आधार पर गिरोह के सदस्यों तक पहुंच बनाई गई और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार निवासी ग्राम बेर नगरिया, थाना गोंडा, अलीगढ़, मनोज कुमार और विनीत उर्फ मसना निवासी कुंवरपुर, थाना गोंडा, अलीगढ़, रवि कुमार निवासी उमराला, थाना कोसी कला, मथुरा, मौ0 शोएब निवासी चांदपुर, बिजनौर तथा हसीबुर्रहमान निवासी मेवा नवादा, थाना स्योहारा, बिजनौर शामिल हैं.
Police के मुताबिक, गिरोह के मास्टरमाइंड केशव कुमार के खिलाफ अलीगढ़ और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं. उसके खिलाफ थाना छर्रा, अलीगढ़ में चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं. इसके अलावा थाना इगलास, अलीगढ़ तथा थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में भी चोरी, माल की बरामदगी, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े मुकदमे दर्ज बताए गए हैं.
थाना बीटा-2 Police ने आरोपियों के कब्जे से कुल 154 मोबाइल फोन, करीब 50 लाख रुपये कीमत, 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार बरामद की है. Police अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी किए गए मोबाइल फोन की बिक्री से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है. Police यह भी पता लगाने में जुटी है कि कंपनी से अब तक कितने मोबाइल फोन चोरी किए गए और चोरी के मोबाइल किन-किन स्थानों पर बेचे गए.
–
पीकेटी/पीएम