Skip to content
Saturday, 28 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
बॉलीवुड,सिनेमा,मनोरंजन

ओटीटी और रील्स के दौर में दर्शकों का कम हुआ ध्यान, फिर भी सिनेमा के असली कद्रदान मौजूद: गौतम घोष

ओटीटी और रील्स के दौर में दर्शकों का कम हुआ ध्यान, फिर भी सिनेमा के असली कद्रदान मौजूद: गौतम घोष

Mumbai , 27 नवंबर . फिल्मों की दुनिया में समय के साथ काफी बदलाव आया है. पहले जहां दर्शक सिनेमाघरों में बैठकर फिल्म की कहानी, किरदारों और उसके पीछे छिपे विचारों पर चर्चा करते थे, वहीं अब ओटीटी प्लेटफॉर्म, डिजिटल मीडिया और छोटी-छोटी वीडियो रील्स ने मनोरंजन का तरीका बदल दिया है. ऐसे में फिल्मकारों के सामने यह चुनौती है कि वे अपनी फिल्मों के जरिए दर्शकों को कुछ नया कैसे दें.

दिग्गज फिल्मकार गौतम घोष ने भी सिनेमा में आए इस बदलाव पर अपनी राय रखी. उन्होंने बताया कि भले ही लोगों का ध्यान पहले के मुकाबले कम हुआ हो, लेकिन आज भी ऐसे दर्शक मौजूद हैं, जो सिनेमा को समझना और उस पर चर्चा करना पसंद करते हैं.

से खास बातचीत में गौतम घोष से पूछा गया कि आज के सिनेमा पर ओटीटी प्लेटफॉर्म, व्यावसायिक दबाव और बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों का असर बढ़ रहा है. क्या इस माहौल में फिल्मकारों के लिए ऐसी फिल्में बनाना मुश्किल हो गया है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करें और उन्हें एक अलग नजरिया दें?

इस पर गौतम घोष ने कहा, ”आज हम दिन के 24 घंटे और हफ्ते के सातों दिन ऑडियो-विजुअल कंटेंट से घिरे रहते हैं. इसका नतीजा यह हुआ है कि लोगों का ध्यान पहले के मुकाबले कम समय तक टिकता है. लेकिन आज भी एक छोटा, लेकिन खास दर्शक वर्ग मौजूद है, जो किसी फिल्म को समझना चाहते हैं, उसके बारे में सोचते हैं और उसमें उठाए गए विचारों पर चर्चा करना चाहते हैं. ऐसे दर्शक आज भी हैं.”

गौतम घोष ने सिनेमा को एक ही तरह का माध्यम मानने से भी इनकार किया. उन्होंने बताया कि सिनेमा की अपनी कई परतें हैं और इसे दिखाने के अलग-अलग तरीके हैं. आज ओटीटी प्लेटफॉर्म, डिजिटल मीडिया और रील्स समेत मनोरंजन के कई रूप मौजूद हैं. ऐसे में हर माध्यम का अपना अलग असर और दर्शक वर्ग है.

उन्होंने कहा, ”फिल्मकारों के लिए यह एक चुनौती है कि वे किस तरह अपनी फिल्म बनाना चाहते हैं, किस नजरिए को सामने लाना चाहते हैं और दर्शकों को नया अनुभव कैसे दे सकते हैं. आखिरकार, दर्शकों को नया अनुभव देना ही एक ऐसा फॉर्मूला है, जो काम करता है. इसकी जगह कोई दूसरा फॉर्मूला नहीं ले सकता.”

–

पीके/एएस

Share