
जोहान्सबर्ग, 1 अक्टूबर . एसए20 के पांचवें सीजन में शेष 19 स्लॉट के लिए 7 अक्टूबर को होने वाले ऑक्शन में 95 साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर और 61 विदेशी स्टार खिलाड़ी बोली के लिए तैयार हैं. पांचवें सीजन में ऑक्शन के लिए कुल 789 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन बाद में इस लिस्ट को छोटा करके 156 खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया गया.
पिछले साल की तुलना में यह ऑक्शन छोटा होगा, क्योंकि ज्यादातर टीमों ने पिछले सीजन के अपने मुख्य खिलाड़ियों (कोर ग्रुप) को रिटेन किया है. डरबन सुपर जायंट्स और पार्ल रॉयल्स ने पहले ही अपनी 19 खिलाड़ियों की टीम पूरी कर ली है और वे ऑक्शन में हिस्सा नहीं लेंगी. कुल मिलाकर अधिकतम 2.11 मिलियन डॉलर खर्च किए जाएंगे, जिसमें जोबर्ग सुपर किंग्स और एमआई केप टाउन को छह-छह स्लॉट भरने होंगे.
जेएसके के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस, ऑलराउंडर विआन मुल्डर, तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर और अनुभवी टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज रासी वैन डेर डुसेन उन बड़े दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों में शामिल होंगे जिन पर चार टीमों की नजरें होंगी. फ्रेंचाइजी क्रिकेट में डु प्लेसिस की दिलचस्पी अभी भी बनी हुई है; हाल ही में इस अनुभवी खिलाड़ी ने यूरोप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप किया था.
अंडर-23 (23 साल से कम उम्र) के दो स्लॉट के लिए कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है. सीजन 2 के ऑक्शन में संयुक्त रूप से सबसे बड़ी बोली हासिल करने के बाद, तेज गेंदबाज मैथ्यू बोस्ट इस कैटेगरी में मजबूत दावेदार हैं, साथ ही एसए अंडर-19 के पूर्व कप्तान जेसन रोल्स भी इसमें शामिल हैं.
विदेशी खिलाड़ियों में कीरोन पोलार्ड, ट्रेंट बोल्ट, शिमरॉन हेटमायर, शमार जोसेफ, मोहम्मद नबी, एएम गजनफर, जॉर्डन कॉक्स, एन्यूरिन डोनाल्ड, रेहान अहमद और रिचर्ड ग्लीसन नीलामी में सबसे बड़े और सबसे चर्चित नामों में से हैं.
जोस बटलर, जो रूट, सैम करन, सुनील नरेन, केन विलियमसन, आंद्रे रसेल, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल मार्श और फिल साल्ट जैसे खिलाड़ी पहले से ही फ्रेंचाइजी टीमों का हिस्सा हैं. ऐसे में सीजन 5 में कई ग्लोबल टी20 सुपरस्टार्स के खेलने की उम्मीद है, जिससे यह टूर्नामेंट सितारों से सजा हुआ होगा.
–
आरएसजी