
नागोया, 23 सितंबर . एशियन गेम्स 2026 में महिला स्कीट टीम स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालीं भारतीय शूटर राइजा ढिल्लों और परिनाज धालीवाल व्यक्तिगत स्पर्धा में देश के लिए मेडल लाने से चूक गईं.
राइजा चौथे स्थान पर रहीं जबकि परिनाज ने आठवां स्थान हासिल किया. तीन दिनों के क्वालिफिकेशन राउंड के बाद राइजा और परिनाज ने 125 में से 111 शॉट लगाकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया और क्रमशः आठवें और नौवें स्थान पर रहीं. हालांकि भारतीय जोड़ी फाइनल में कोई खास असर नहीं दिखा पाई और नतीजतन व्यक्तिगत इवेंट से खाली हाथ लौटीं.
टीम इवेंट में परिनाज, राइजा और माहेश्वरी ने क्वालिफिकेशन में कुल 331 का स्कोर किया और पोडियम पर तीसरा स्थान हासिल किया. उनसे आगे चीन की टीम (चे यूफेई, जियान यिटिंग और जियांग चाओयू) रही, जिसने 347 के स्कोर के साथ गोल्ड जीता और कजाकिस्तान की टीम (असेम ओरिनबे, जोया पिस्कुन और एडेल सदाकबायेवा) रही, जिन्होंने 336 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
इससे पहले, ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरुका और मैराज अहमद खान ने भवतेघ सिंह के साथ मिलकर पुरुषों के स्कीट टीम इवेंट में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता. भारतीय तिकड़ी ने 346 का स्कोर करके आइची-नागोया में शूटिंग में India को सातवां मेडल दिलाया. वहीं, इस स्पर्धा में कतर ने गोल्ड और कुवैत ने सिल्वर मेडल जीता.
इस बीच, क्वालिफिकेशन में 125 में से 119 का स्कोर करने के बाद अनंतजीत व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले एकमात्र भारतीय रहे. मैराज ने 125 में से 116 और भवतेघ ने 125 में से 111 का स्कोर किया, जिससे वे दोनों फाइनल में जगह नहीं बना पाए. हालांकि, 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में India को निराशा हाथ लगी. मनु भाकर महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत इवेंट में पोडियम तक पहुंचने से चूक गईं और फाइनल में 181.1 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं.
10 मीटर एयर पिस्टल टीम इवेंट में भारतीय महिला टीम 1719-44x के कुल स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रही जबकि वियतनाम ने 1719-46x के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. चीन ने 1735-56x के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता और साउथ कोरिया ने 1730-55x के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया.
–
एसएम/पीएम