
New Delhi, 25 सितंबर . दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी में 26 सितंबर से मौसम करवट लेने वाला है. 26 तारीख को काले बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
वहीं, 27 सितंबर के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को लंबे समय से परेशान कर रही गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी और पारा 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 सितंबर को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी. इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है. तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. दोपहर बाद भी हल्की से मध्यम बारिश, तूफान और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. 27 सितंबर का दिन मौसम के लिहाज से सबसे अहम रहने वाला है. इस दिन मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी.
अधिकतम तापमान गिरकर 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. दिन की शुरुआत सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ होगी. यही सिलसिला दोपहर, दोपहर बाद और शाम तक जारी रहेगा. 28 सितंबर को भी आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है. तापमान 32 डिग्री और 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. इसके बाद 29 सितंबर को मौसम में और सुधार देखने को मिलेगा. इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान 33 डिग्री से 23 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.
30 सितंबर को मौसम लगभग साफ रहने की संभावना है. इस दिन मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा, अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता हुआ देखने को मिलेगा. 26 और 27 सितंबर को बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन 27 तारीख को येलो अलर्ट के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है.
–
पीकेटी/एएस