
New Delhi, 11 अक्टूबर . राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़ी आतंकी साजिश के मामले में पश्चिम बंगाल से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, मेमोरी कार्ड समेत कई डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं.
एनआईए के अनुसार, यह गिरफ्तारी 10 अक्टूबर को की गई. इससे पहले 29 सितंबर को असम, पश्चिम बंगाल और केरल में 16 स्थानों पर छापेमारी के बाद 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. इसी मामले में एनआईए ने 25 जून 2026 को गुवाहाटी स्थित विशेष अदालत में 11 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत चार्जशीट भी दाखिल की थी.
जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘इमाम महमूदर कफिला’ (आईएमके) नामक संगठनात्मक ढांचे के जरिए सक्रिय थे, जिसे जेएमबी की एक शाखा बताया गया है. एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क का उद्देश्य पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में चरमपंथी विचारधारा का प्रसार करना, युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करना और संगठन का नेटवर्क मजबूत करना था.
एनआईए की जांच में यह भी पता चला है कि जेएमबी के वरिष्ठ सदस्य इमाम महमूद हबीबुल्लाह ने India में संगठन के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए आईएमके का गठन किया था. आरोप है कि इस नेटवर्क से जुड़े लोगों ने गुप्त बैठकों का आयोजन किया, धार्मिक रूप से प्रेरित कार्यक्रम चलाए और चरमपंथी साहित्य का प्रचार-प्रसार किया.
एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों ने टेलीग्राम समेत विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों को कट्टरपंथी बनाने, India विरोधी प्रचार फैलाने और संगठन के प्रति निष्ठा बढ़ाने का प्रयास किया. साथ ही देश में जेएमबी के नेटवर्क के विस्तार की दिशा में भी गतिविधियां संचालित की गईं. एनआईए ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है और आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
–
एएसएच/पीएम