एटा में नकली पनीर का भंडाफोड़, खाद्य विभाग ने 40 क्विंटल क्रीम समेत भारी मात्रा में माल किया जब्त

एटा, 9 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मिलावटी दुग्ध उत्पादों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. Lucknow मुख्यालय और जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बरथर गांव में स्थित सपना डेयरी पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान डेयरी में बड़े पैमाने पर मिलावटी पनीर और मिलावट में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ.

जांच में टीम को मौके से लगभग 10 क्विंटल तैयार पनीर, एक क्विंटल घी और करीब 40 क्विंटल क्रीम मिली. इसके अलावा, मिलावट के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री भी भारी मात्रा में जब्त की गई, जिसमें 96 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी), सोयाबीन की 8 बोरियां, रिफाइंड पामोलिन तेल के 6 टिन और रानीपाल के 7 पैकेट शामिल हैं.

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि बरथरा रोड पर स्थित सपना डेयरी में सिंथेटिक पनीर बनाया जा रहा है. इसी सूचना के आधार पर मुख्यालय स्क्वाड और जिला टीम ने संयुक्त रूप से यह छापेमारी की. छापेमारी के दौरान मौके पर मिले पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे नष्ट करने का फैसला किया.

कार्रवाई के दौरान बरामद किए गए लगभग 10 क्विंटल पनीर को जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबाकर नष्ट कर दिया गया. वहीं, मिलावट में प्रयुक्त सभी कच्चे माल और अन्य सामग्री को सील कर दिया गया है. डेयरी से कुल 10 अलग-अलग नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

खाद्य विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर विजय वर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया, “हमें सूचना मिली थी कि यहां सिंथेटिक पनीर तैयार किया जा रहा है. सूचना के आधार पर मुख्यालय की टीम और जिला खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. छापे में लगभग 10 क्विंटल पनीर, एक क्विंटल घी और 40 क्विंटल क्रीम बरामद हुए हैं. इसके साथ ही मिलावट का सामान भी मिला है. बरामद पनीर को मौके पर ही जेसीबी से गड्ढा खोदकर दबाकर नष्ट कर दिया गया है और मिलावटी सामग्री को सील कर दिया गया है. 10 नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं और थाने में मामला दर्ज किया गया है.”

–

पीआईएम/एबीएम

Leave a Comment