Skip to content
Friday, 6 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

उत्तरकाशी : बांसुरी स्वराज ने 2027 की जीत का दिया मंत्र, मजबूत संगठन और बूथ स्तर की सक्रियता को बताया जीत का आधार

उत्तरकाशी : बांसुरी स्वराज ने 2027 की जीत का दिया मंत्र, मजबूत संगठन और बूथ स्तर की सक्रियता को बताया जीत का आधार

उत्तरकाशी, 4 नवंबर . उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने उत्तरकाशी में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने के साथ ही कार्यकर्ताओं में चुनावी उत्साह भरना शुरू कर दिया है. भाजपा की उत्तराखंड सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को एकजुटता, समर्पण और बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ का मंत्र देते हुए जनपद की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया. उनके आत्मीय और प्रभावशाली संबोधन ने बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भर दिया.

बांसुरी स्वराज ने कहा कि किसी भी चुनाव में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय ही जीत का सबसे बड़ा आधार होता है. आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ मैदान में उतरना होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता के दम पर भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार Government बनाने में सफल होगी.

अपने संबोधन में उन्होंने उत्तराखंड से अपने पारिवारिक और भावनात्मक जुड़ाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उनकी माताजी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी रहने के दौरान से ही इस देवभूमि से उनका विशेष आत्मीय रिश्ता रहा है. उत्तराखंड आगमन पर उन्होंने सबसे पहले मां डाठ काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा Government बनने की कामना की.

बैठक के दौरान बांसुरी स्वराज का कार्यकर्ताओं के प्रति सहज और आत्मीय व्यवहार भी चर्चा का विषय रहा. उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और उनके साथ सेल्फी लेकर उत्साह बढ़ाया. संबोधन के दौरान भावुक अंदाज में उन्होंने कार्यकर्ताओं से वचन मांगा कि वे उन्हें निराश नहीं करेंगे और उत्तरकाशी जनपद की तीनों विधानसभा सीटें भाजपा की झोली में डालकर भेजेंगे. उनके इस भावुक आह्वान ने बैठक को चुनावी संकल्प और संगठनात्मक ऊर्जा से भर दिया.

बैठक के दौरान एक भावुक और आत्मीय दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बांसुरी स्वराज ने भाजपा के वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध नेता तथा पूर्व राज्यमंत्री सूरतराम नौटियाल के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया. उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर वरिष्ठ नेता के प्रति सम्मान व्यक्त किया. इस आत्मीय क्षण ने संगठन में वरिष्ठ नेताओं के सम्मान और पीढ़ियों के बीच जुड़ाव का संदेश दिया.

–

एएमटी/पीएम

Share