
रोम, 8 अक्टूबर . इटली के सार्डिनिया द्वीप का छोटा पहाड़ी गांव बोलोटाना इन दिनों सुर्खियां बटोर रहा है. वजह छोटे से गांव में महिलाओं की बढ़ती असाधारण लंबी उम्र! एक नए अध्ययन के मुताबिक, यहां 70 वर्ष की उम्र तक पहुंचने वाली 13.8 फीसदी महिलाएं 100 वर्ष की उम्र तक जीवित रहती हैं, जो दुनिया में हांगकांग के बाद दूसरा सबसे ऊंचा आंकड़ा है.
सार्डिनिया पहले से ही दुनिया के उन क्षेत्रों में शामिल है, जिन्हें लंबी उम्र के लिए जाना जाता है. वर्ष 1999 में द्वीप के मध्य और पूर्वी हिस्से के कई पहाड़ी गांवों को दुनिया के शुरुआती ‘ब्लू जोन’ में शामिल किया गया था. हालांकि, उस क्षेत्र में पुरुषों की असाधारण लंबी उम्र खास तौर पर उल्लेखनीय रही थी. अब बोलोटाना में तस्वीर अलग नजर आ रही है, जहां लंबी उम्र के आंकड़ों में महिलाओं की भूमिका सबसे प्रमुख है.
5 अक्टूबर को ‘फ्रंटियर्स इन एजिंग’ में अध्ययन प्रकाशित हुआ. शोधकर्ताओं ने बोलोटाना के नागरिक और चर्च रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर उम्र और मृत्यु से जुड़े आंकड़ों की जांच की. अध्ययन में 2021 से 2025 के बीच के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया. इस दौरान 70 वर्ष की उम्र पार करने वाली महिलाओं के लिए 100 वर्ष तक पहुंचने की संभावना 13.83 प्रतिशत आंकी गई. पुरुषों में यह आंकड़ा 4.92 प्रतिशत था.
करीब 2,266 की आबादी वाले इस गांव में 2025 तक 12 लोग 100 वर्ष या उससे अधिक उम्र के थे. इनमें से छह की बाद में मौत हो गई और बचे सभी छह लोग महिलाएं थीं. इनमें दो महिलाएं 102 वर्ष की हैं. शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि इस साल और 2027 में गांव के कुछ अन्य लोग भी 100 वर्ष की उम्र तक पहुंच सकते हैं.
अध्ययन के मुताबिक, बोलोटाना की महिलाओं की 70 वर्ष की उम्र के बाद औसत शेष जीवन प्रत्याशा करीब 20.85 वर्ष है. यह इटली के औसत 18.06 वर्ष से अधिक है. 70 वर्ष की उम्र तक पहुंचने के बाद 100 वर्ष तक जीवित रहने की संभावना भी इटली के करीब 3.54 प्रतिशत के आंकड़े से तीन गुना से अधिक है.
शोधकर्ताओं के अनुसार, बोलोटाना को अभी आधिकारिक तौर पर स्थापित ‘ब्लू जोन’ कहना जल्दबाजी होगी. अध्ययन में इसे संभावित ब्लू जोन बताया गया है और लंबे समय तक निगरानी तथा अतिरिक्त जनसांख्यिकीय अध्ययन की जरूरत पर जोर दिया गया है.
वैज्ञानिकों ने अभी यह निष्कर्ष नहीं निकाला है कि आखिर गांव की महिलाओं की असाधारण लंबी उम्र का मुख्य कारण क्या है. उन्होंने अध्ययन में पाया कि यहां लोगों के बीच सामाजिक रिश्ते बेहद मजबूत हैं. कई बुजुर्ग जीवनभर परिवार और समुदाय के साथ घनिष्ठ संपर्क में रहे हैं.
गांव के मेयर फ्रांसेस्को मैनकोनी ने लंबी उम्र के पीछे कई संभावित कारण बताए हैं. इनमें ताजा और स्थानीय भोजन, प्राकृतिक वातावरण और रोजमर्रा की शारीरिक गतिविधियां शामिल हैं. गांव पहाड़ी क्षेत्र में बसा है और बुजुर्गों के लिए रोजाना पैदल चलना सामान्य जीवन का हिस्सा रहा है.
शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि बोलोटाना में परिवारों का बहु-पीढ़ी वाला ढांचा लंबे समय से कायम है. कई परिवारों में बुजुर्ग, बच्चे और अन्य सदस्य एक-दूसरे के करीब रहते हैं और घरेलू जिम्मेदारियां साझा करते हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, सामाजिक जुड़ाव और रोजमर्रा की शारीरिक सक्रियता इस असाधारण उम्र के पीछे भूमिका निभा सकती है, हालांकि इनके प्रभाव को साबित करने के लिए और अध्ययन जरूरी हैं.
इटली में कुल मिलाकर भी 100 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. नवंबर 2025 के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में 23,548 लोग 100 वर्ष या उससे अधिक उम्र के थे और इनमें 82.6 प्रतिशत महिलाएं थीं.
–
केआर/