Skip to content
Wednesday, 25 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

इंसोलवेंसी एंड बैंककरप्सी कोड, अगला बड़ा सुधार तकनीक के इस्तेमाल से होगाः गोविल

इंसोलवेंसी एंड बैंककरप्सी कोड, अगला बड़ा सुधार तकनीक के इस्तेमाल से होगाः गोविल

New Delhi, 23 नवंबर . चार्टर्ड अकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के इंसोलवेंसी एंड बैंककरप्सी कोड 2016 (आईबीसी) ने अपनी स्थापना के 10 साल पूरे कर लिए हैं. इस मौके पर कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि इंसोलवेंसी एंड बैंककरप्सी कोड (आईबीसी) में अगला बड़ा सुधार तकनीक के इस्तेमाल से होगा. आधुनिक तकनीक की मदद से प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि देश को ऐसी व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें मामलों का निपटारा तेजी से हो, प्रक्रिया पहले से अधिक स्पष्ट और भरोसेमंद हो तथा आधुनिक तकनीक का बेहतर इस्तेमाल किया जाए.

डॉ. गोविल Monday को New Delhi में आयोजित ‘आईबीसी के 10 साल : सुधार, समाधान और आगे की राह’ विषय पर सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं. इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंट ऑफ इंडिया के इस संस्थान ने सम्मेलन का आयोजन किया था. इसमें देशभर के पेशेवरों ने प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लिया.

सम्मेलन में डॉ. गोविल ने दिवाला प्रक्रिया में केवल समाधान योजना को मंजूरी देने के बजाय उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी कंपनी की समाधान योजना को मंजूरी मिल जाना प्रक्रिया का अंत नहीं है, बल्कि यहीं से कंपनी को दोबारा खड़ा करने का असली काम शुरू होता है. इसलिए जरूरी है कि योजना को मंजूरी मिलने के बाद उसके क्रियान्वयन पर भी नजर रखी जाए और सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा कराया जाए.

उन्होंने पेशेवरों से ईमानदारी, जवाबदेही, नैतिक आचरण और निष्पक्ष निर्णय लेने के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की अपील की. आईबीबीआई के पूर्णकालिक सदस्य संदीप गर्ग ने कहा कि दूसरे पेशों को विकसित होने में कई दशक लगे, लेकिन आईबीसी बहुत कम समय में परिपक्व हुआ है.

इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सीए प्रसन्न कुमार डी. ने इस पेशे में चार्टर्ड अकाउंटेंट की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि भारतीय इंसोलवेंसी पेशेवर संस्थान देश की सबसे बड़ी इंसोलवेंसी पेशेवर एजेंसी है और इसके करीब 83 प्रतिशत सदस्य चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं.

उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में इस क्षेत्र में काफी प्रगति हुई है. संस्थान ने नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए प्रक्रियाओं को अधिक व्यावहारिक बनाया है. विशेषज्ञों ने कहा कि कहा कि वर्ष 2026 के आईबीसी संशोधनों के बाद इंसोलवेंसी पेशेवर कारोबार को संकट से उबारने में अधिक महत्वपूर्ण और व्यवस्थित भूमिका निभा सकेंगे.

इससे वर्ष 2047 तक विकसित India के लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिलेगी. इस अवसर पर संस्थान के प्रबंध निदेशक और आईबीबीआई के नामित अध्यक्ष सीए राहुल मदान ने एकीकृत सदस्य पोर्टल की शुरुआत की. इसके माध्यम से सदस्यों को मिलने वाली सभी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी.

सम्मेलन में आईबीसी कानून को केवल कानूनी प्रक्रिया के बजाय कारोबारी जरूरतों के अनुरूप अधिक व्यावहारिक और तेज कानून बनाने से संबंधित अध्ययन समूह की रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया.

–

जीसीबी/एमएस

Share