Skip to content
Wednesday, 21 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
व्यापार

आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी का दूसरी तिमाही में मुनाफा 28.6 प्रतिशत घटकर 221 करोड़ रुपए पर आया

आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी का दूसरी तिमाही में मुनाफा 28.6 प्रतिशत घटकर 221 करोड़ रुपए पर आया

Mumbai , 21 अक्टूबर . आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी सितंबर तिमाही के लिए 221 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) दर्ज किया है, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही की तुलना में 28.6 प्रतिशत कम है.

स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि परिचालन से राजस्व (रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस) तिमाही आधार पर 4.5 प्रतिशत बढ़कर 483.81 करोड़ रुपए हो गया.

हालांकि राजस्व में वृद्धि के बावजूद बढ़ते खर्च और अन्य आय (अदर इनकम) में तेज गिरावट के कारण लाभप्रदता पर दबाव रहा.

कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 55.4 प्रतिशत रहा, जो जून तिमाही में 55.6 प्रतिशत था.

कर्मचारी खर्च तिमाही आधार पर 8.5 प्रतिशत बढ़ गया, जिससे मार्जिन प्रभावित हुआ. वहीं अन्य आय में लगभग 74 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद परिचालन लाभ (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) में 4 प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई.

तिमाही औसत प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (क्यूएएयूएम) 3.3 प्रतिशत बढ़कर 4.42 लाख करोड़ रुपए हो गईं. हालांकि यह वृद्धि उद्योग की 5 प्रतिशत की औसत वृद्धि से कम रही.

इस दौरान, कंपनी की म्यूचुअल फंड उद्योग में बाजार हिस्सेदारी भी घटती रही. सितंबर के अंत तक इसकी बाजार हिस्सेदारी तिमाही आधार पर 10 बेसिस प्वाइंट घटकर 5.7 प्रतिशत रह गई.

इक्विटी एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन इक्विटी बाजार हिस्सेदारी में 5 बेसिस प्वाइंट की और गिरावट आई और यह 3.9 प्रतिशत पर आ गई.

कुल म्यूचुअल फंड परिसंपत्तियों में इक्विटी एसेट्स की हिस्सेदारी बढ़कर 47.4 प्रतिशत हो गई, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 90 बेसिस प्वाइंट अधिक है.

तिमाही के दौरान कंपनी के लिए एक सकारात्मक संकेत सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) पंजीकरण में मजबूत वृद्धि रही. नए एसआईपी पंजीकरण बढ़कर 7.05 लाख हो गए, जबकि पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 5.47 लाख था. इससे खुदरा निवेशकों की मजबूत भागीदारी का संकेत मिलता है.

हालांकि एसआईपी योगदान अभी भी वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में दर्ज किए गए उच्चतम स्तर से नीचे बना हुआ है.

नतीजों की घोषणा के बाद शेयर शुरुआती गिरावट से उबरता दिखा. कारोबार के दौरान शेयर में लगभग 7 प्रतिशत तक की गिरावट आई थी, लेकिन बाद में इसमें सुधार देखने को मिला.

दोपहर के कारोबार में आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी का शेयर लगभग 1.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 943.4 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार करता नजर आया.

–

डीबीपी

Share