‘अर्जुन रेड्डी’ के दिनों को याद कर भावुक हुए विजय देवरकोंडा, बोले- संदीप रेड्डी वांगा और मेरा रिश्ता बेहद खास

Mumbai , 31 अगस्त . विजय देवरकोंडा और संदीप रेड्डी वांगा ने अपने करियर के एक ऐसे दौर में साथ कदम रखा था, जब उनके पास न तो पहचान थी और न ही फिल्मों की दुनिया में कोई बड़ा सहारा. एक फिल्म पर दोनों ने अपना करियर और भविष्य तक दांव पर लगा दिया था. उस मुश्किल समय में जो भरोसा दोनों के बीच बना, वह आज भी कायम है. यही वजह है कि जब विजय से संदीप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनके मन में संदीप के लिए बेशुमार प्यार है और वह उसे शब्दों में नहीं बता सकते.

विजय देवरकोंडा निर्देशक वेणु गोपाल रेड्डी की रोमांटिक फिल्म ‘रोमनचकम’ के प्री-रिलीज इवेंट में पहुंचे थे. इस फिल्म को संदीप रेड्डी वांगा प्रस्तुत कर रहे हैं. इसी दौरान विजय ने संदीप के साथ अपने रिश्ते और फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ के दिनों को याद किया.

विजय ने कहा, ”संदीप के लिए मेरे मन में जो प्यार है, उसे मैं शब्दों में नहीं बता सकता. यह सिर्फ निर्देशक और Actor का रिश्ता नहीं है. यह सिर्फ भाई का रिश्ता या दोस्ती भी नहीं है. यह कुछ और है. मेरा संदीप के साथ रिश्ता करियर के शुरुआती संघर्षों से जुड़ा हुआ है.”

विजय ने ‘अर्जुन रेड्डी’ के बनने के समय को याद करते हुए बताया कि उस वक्त दोनों के पास ज्यादा पैसा या किसी तरह का प्रभाव नहीं था. फिल्म बनाना उनके लिए किसी बड़ी लड़ाई से कम नहीं था. उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें खुद नहीं पता था कि वे क्या कर रहे हैं. अगर फिल्म नहीं चलती तो दोनों के लिए हालात बहुत मुश्किल हो सकते थे.

विजय ने कहा, ”उस वक्त हम दोनों साथ में जंग लड़ रहे थे. हमें नहीं पता था कि हम क्या कर रहे हैं. अगर फिल्म नहीं चलती तो हमारे लिए हालात बहुत मुश्किल हो सकते थे. हम दोनों के पास पैसे नहीं थे. हमारी कोई पहचान नहीं थी. हमारे कोई फैंस नहीं थे, क्योंकि तब तक फिल्म ‘पेलीचूपुलु’ रिलीज नहीं हुई थी.”

Actor ने कहा, ”मुझे संदीप को सिर्फ इसलिए याद नहीं करता कि ‘अर्जुन रेड्डी’ सफल रही या बाद में वह फिल्म इतनी बड़ी बन गई. मेरे लिए इस फिल्म से जुड़े असली मायने हमारे साथ बिताए हुए पल हैं. फिल्म बनाते समय हमने न सिर्फ काम किया, बल्कि अपनी जिंदगी, तनाव और मुश्किलें भी एक-दूसरे के साथ साझा कीं.”

विजय ने कहा, ”फिल्म बनाने के लिए प्रणय और प्रभाकर ने अपनी जमीन तक गिरवी रख दी थी. उन्होंने संदीप पर भरोसा करके फिल्म के लिए पैसा लगाया था और संदीप ने भी मुझ पर पूरा विश्वास रखा. इतना ही नहीं, उन्होंने उन लोगों को भी मेरी काबिलियत पर भरोसा करने के लिए तैयार किया.”

Actor ने कहा, ”उस फिल्म के साथ बहुत कुछ दांव पर लगा हुआ था. एक फिल्म के लिए परिवार की कमाई, भविष्य और बहुत सारी उम्मीदें लगा दी गई थीं. इसी वजह से वह दौर मेरे लिए बेहद खास है. संदीप मेरे लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, और मैं भी संदीप के लिए किसी भी हद तक जा सकता हूं.’

बता दें कि संदीप रेड्डी वांगा की आने वाली फिल्म ‘रोमांचकम’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में 3 सितंबर को रिलीज होने वाली है.

पीके/एएस

Leave a Comment