Skip to content
Friday, 13 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
रक्षा,सुरक्षा,राष्ट्रीय

अचानक हमले की क्षमता व दुश्मन के अप्रत्याशित कदम से निपटने की तैयारी है जरूरीः राजनाथ सिंह

अचानक हमले की क्षमता व दुश्मन के अप्रत्याशित कदम से निपटने की तैयारी है जरूरीः राजनाथ सिंह

New Delhi, 12 नवंबर . दुश्मन को आश्चर्यचकित कर देने वाली कार्रवाई, किसी अप्रत्याशित कदम से निपटने की तैयारी भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहद जरूरी हैं. आधुनिक युद्ध में इसी रणनीति को अहम बताते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना को अपनी आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं को लगातार मजबूत करने का निर्देश दिया है.

उन्होंने कहा कि भविष्य के युद्ध केवल लड़ाकू विमानों की संख्या से नहीं, बल्कि तकनीकी श्रेष्ठता, तेजी से जवाब देने की क्षमता और सटीक तैयारी से जीते जाएंगे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 नवंबर को New Delhi में वायुसेना कमांडर्स कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे. यहां उन्होंने कहा कि बदलती युद्ध परिस्थितियों में अचानक हमले की क्षमता और दुश्मन के किसी अप्रत्याशित कदम से निपटने की तैयारी, दोनों बेहद जरूरी हैं.

इस दौरान उन्होंने वायुसेना की डिजिटल और तकनीकी क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए उसके द्वारा विकसित एआई आधारित कई नए अनुप्रयोगों की भी शुरुआत की. रक्षा मंत्री ने कहा कि आधुनिक युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. अब लड़ाई केवल पारंपरिक युद्धक्षेत्र तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि मिसाइलों, ड्रोन और अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों के जरिए युद्ध के नए तरीके सामने आ रहे हैं.

रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन युद्धों में ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियां बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई हैं. ऐसे में भारतीय वायुसेना को आत्मघाती ड्रोन, निगरानी और ड्रोन रोधी अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा.

राजनाथ सिंह ने कहा कि वायुसेना को इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, साइबर और अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों के लिए भी विशेष रणनीति और मजबूत व्यवस्था विकसित करनी चाहिए. इन क्षेत्रों में तैयारी भविष्य की चुनौतियों से निपटने में निर्णायक भूमिका निभाएगी. उन्होंने कमांडरों से इन नई तकनीकों को वायुसेना की योजना, प्रशिक्षण और सैन्य अभियानों का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया.

उन्होंने कहा कि खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी करने की क्षमताओं को और मजबूत करना होगा, ताकि दुश्मन की किसी भी गतिविधि और संभावित खतरे का समय रहते पता लगाया जा सके. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भारतीय वायुसेना के प्रदर्शन की सराहना की.

राजनाथ सिंह ने कहा कि वायुसेना ने इस अभियान में अपने सिद्धांतों और सैन्य रणनीतियों को प्रभावी ढंग से लागू किया. उन्होंने कहा वायु योद्धाओं ने अपने निर्धारित कार्यों को पेशेवर तरीके से पूरा करते हुए संयम और सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने कहा कि इस अभियान से मिले अनुभव वायुसेना की बदलती कार्यप्रणाली में साफ दिखाई दे रहे हैं.

खास तौर पर ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों पर बढ़ता जोर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है. रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बीच दिखे बेहतरीन तालमेल की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि तीनों सेनाओं ने एक-दूसरे के साथ मिलकर अपनी क्षमताओं का प्रभावी इस्तेमाल किया. भविष्य में भी सैन्य योजनाओं और अभियानों को संयुक्तता और एकीकृत प्रयासों के आधार पर आगे बढ़ाना होगा.

–

जीसीबी/एएस

Share