
अररिया, 10 जून . बिहार के अररिया जिले में Wednesday को एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा नगर थाना क्षेत्र के कुसियार गांव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ. दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सबसे पहले सड़क पर जा रहे एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक कार से जा भिड़ी. स्कॉर्पियो और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में कई अन्य लोग घायल हो गए.
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और Police को सूचना दी. मौके पर पहुंची Police ने घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है. Police ने मृतकों की पहचान पूर्णिया निवासी गौतम झा, मायानंद झा और शांति देवी के रूप में की है. वहीं साइकिल सवार मृतक की पहचान अररिया जिले के गैयारी निवासी कोनेक अख्तर के रूप में हुई है.
Police अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है. अधिकारियों ने बताया कि स्कॉर्पियो ने पहले साइकिल सवार को टक्कर मारी, जिसके बाद वह डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चली गई और कार से भिड़ गई. दुर्घटना में कुल चार लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.
Police ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
–
एमएनपी/डीकेपी