‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ का ‘तुमपे ही प्यार आ गया’ गाना रिलीज, अविनाश तिवारी ने बताया, ‘धीरे-धीरे दिल में उतरने वाला इश्क’

Mumbai , 14 अप्रैल . Bollywood में रोमांटिक गानों का अपना एक अलग ही जादू होता है. कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो पहली बार में ही दिल को छू लेते हैं. इसी तरह का एक नया रोमांटिक गाना इन दिनों काफी चर्चा में है, जो आने वाली फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ का हिस्सा है. इस गाने का नाम ‘तुमपे ही प्यार आ गया’ है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं.

फिल्म में मुख्य किरदार निभा रहे Actor अविनाश तिवारी ने गाने को ‘धीरे-धीरे बढ़ने वाला इश्क’ करार दिया.

उन्होंने कहा, ”यह गाना ऐसा है, जो धीरे-धीरे लोगों को पसंद आएगा. यह कोई तुरंत असर करने वाला गाना नहीं है, बल्कि इसे महसूस करने में थोड़ा समय लगता है. लेकिन एक बार जब यह गाना दिल में बस जाता है, तो फिर इसे भूलना मुश्किल है.”

उन्होंने कहा, “गाने की खासियत इसके भाव और कहानी में छिपी है. ‘तुमपे ही प्यार आ गया’ एक सॉफ्ट और रोमांटिक गाना है, जो दोस्ती से प्यार बनने के सफर को बहुत ही खूबसूरती से दिखाता है. यह उन लोगों के लिए खास है, जिनकी लव स्टोरी दोस्ती से शुरू हुई और धीरे-धीरे गहरी होती गई. गाने के बोल और धुन दोनों मिलकर एक ऐसा माहौल बनाते हैं, जो सुनने वाले को अपने ही पुराने रिश्तों और यादों में ले जाता है.”

अविनाश तिवारी ने कहा, ”इस गाने की सबसे बड़ी ताकत इसके बोल हैं, जिसे मशहूर गायक सोनू निगम ने अपनी आवाज दी है. उनकी आवाज ने इस गाने के जादू को और भी बढ़ा दिया है.”

इस गाने का संगीत सुशांत-शंकर की जोड़ी ने मिलकर तैयार किया, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं. गाने को लेकर फिल्म की एक्ट्रेस मेधा शंकर ने भी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, “जब मैंने पहली बार यह गाना सुना, तो मैं लिरिक्स में कहीं खो सी गई थी. यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि प्यार के अलग-अलग रंगों को दिखाने वाला एक अनुभव है.”

फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ की बात करें तो इसे जी स्टूडियोज और साउंड्रिया प्रोडक्शन ने मिलकर बनाया है. फिल्म के निर्माता विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल हैं, जबकि इसका निर्देशन प्रशांत झा ने किया है.

यह फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

पीके/एबीएम

Leave a Comment