
New Delhi, 17 अप्रैल . अगर आप योग की शुरुआत करना चाहते हैं लेकिन नहीं जानते कि कौन से आसन सबसे आसान और फायदेमंद हैं, तो India Government के आयुष मंत्रालय की सिफारिश आपके लिए मददगार साबित हो सकती है.
एक्सपर्ट के अनुसार, शुरुआती लोगों के लिए ताड़ासन, वज्रासन और भुजंगासन को सबसे बेहतर माना जाता है. ये तीन आसन घर पर आसानी से किए जा सकते हैं और रोजाना सिर्फ 10 से 15 मिनट का अभ्यास शरीर को लचीला, मांसपेशियों को मजबूत और मन को शांत बनाने में काफी मदद करता है.
योग विशेषज्ञों के अनुसार, इन आसनों से शारीरिक और मानसिक समस्याओं को दूर किया जा सकता है. शुरुआत में धीरे-धीरे अभ्यास करें और सांस पर पूरा ध्यान दें. नियमितता बनाए रखने से जल्दी ही अच्छे परिणाम दिखने लगते हैं. शुरुआती लोगों को योग एक्सपर्ट की देखरेख में ही अभ्यास करना चाहिए.
ताड़ासन :- यह सबसे आसान और बुनियादी आसन है, जो योग की मजबूत नींव रखता है. इसके लिए दोनों पैरों को जोड़कर सीधे खड़े हो जाएं. हाथों को ऊपर उठाकर उंगलियों को आपस में मिलाएं और पूरे शरीर को ऊपर की ओर खींचें. एड़ियों को हल्का सा उठाएं, इस दौरान सांस को सामान्य रखें. यह आसन रीढ़ की हड्डी को सीधा करता है, कद बढ़ाने में सहायक होता है, पूरे शरीर में रक्त संचार सुधारता साथ ही एकाग्रता भी बढ़ाता है. शुरुआती लोगों के लिए ताड़ासन पर 20 से 30 सेकंड तक रहना काफी है. धीरे-धीरे समय बढ़ाकर 1 मिनट तक कर सकते हैं. सुबह खाली पेट इसे करना सबसे अच्छा रहता है.
वज्रासन :- यह आसन भोजन करने के तुरंत बाद भी किया जा सकता है. इसके लिए घुटनों को मोड़कर एड़ियों पर बैठ जाएं. दोनों घुटने साथ रहें, हाथ जांघों पर रखें और पीठ तथा गर्दन को सीधा रखें. आंखें बंद करके शांत बैठें. यह आसन पाचन तंत्र को मजबूत करता है, घुटनों को मजबूत बनाता है, कमर दर्द से राहत देता है और ध्यान लगाने के लिए सबसे अच्छी मुद्रा प्रदान करता है. रोजाना करने से पेट की चर्बी भी कम होती है. शुरुआती लोगों को वज्रासन में 3 से 5 मिनट करना चाहिए. बाद में धीरे-धीरे बढ़ाकर 10-15 मिनट तक किया जा सकता है.
भुजंगासन :- इस आसन के अभ्यास के लिए पेट के बल लेट जाएं और दोनों हाथ जमीन पर रखें. सांस लेते हुए छाती को ऊपर उठाएं, सिर को पीछे झुकाएं और नजरें छत की ओर रखें. इस मुद्रा में 15-20 सेकंड तक रुकें, फिर धीरे से वापस आएं. यह आसन रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाता है, पेट की मांसपेशियों को मजबूत कर तनाव दूर करता है और फेफड़ों की क्षमता भी बढ़ाता है. कब्ज और थकान में भी आराम मिलता है. शुरुआती लोगों के लिए भुजंगासन को 15-20 सेकंड तक ही रखें. इसे 3-5 बार दोहराएं. समय बढ़ाने से पहले शरीर की क्षमता देखें.ये तीन आसन योग की अच्छी शुरुआत देते हैं. रोजाना 10-15 मिनट इनका अभ्यास करने से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं.
–
एमटी/एएस