
लंदन, 8 जुलाई . साउथैम्पटन की टीम ‘सदर्न ब्रेव’ ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर हेमांग बदानी को पुरुषों की टीम का हेड कोच नियुक्त किया है, जबकि जोनाथन बैटी ‘द हंड्रेड’ के 2026 सीजन के दौरान महिला टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे. इस टीम ने साल 2021 में पुरुषों का खिताब और 2023 में महिलाओं की ट्रॉफी अपने नाम की थी.
स्थानीय मीडिया के अनुसार, बदानी के साथ इंग्लैंड के पूर्व स्टार इयान बेल असिस्टेंट कोच के तौर पर काम करेंगे. बदानी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को कोचिंग दी थी.
स्कॉटलैंड की पुरुष टीम के पूर्व हेड कोच शेन बर्गर पुरुषों के बॉलिंग प्रोग्राम की जिम्मेदारी संभालेंगे. बर्गर के पास कोचिंग का काफी अनुभव है; स्कॉटलैंड की जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्होंने साउथ अफ्रीका में केजेडएन इनलैंड और डॉल्फिन्स के साथ काम किया था और अभी वह हैम्पशायर क्रिकेट के साथ काम कर रहे हैं. उन्हें India के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी मोहित शर्मा का सहयोग मिलेगा. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में India का प्रतिनिधित्व करने वाले मोहित शर्मा को आईपीएल में डेथ बॉलिंग का विशेषज्ञ माना जाता था.
आयरलैंड के पूर्व खिलाड़ी जॉन मूनी बतौर फील्डिंग पुरुषों की कोचिंग टीम का हिस्सा बनेंगे. वह टीम को फील्डिंग के सभी क्षेत्रों में लगातार उच्च स्तर बनाए रखने में मदद करने के लिए जिम्मेदार होंगे.
महिला कोचिंग टीम का नेतृत्व बैटी करें. आन्या श्रबसोल असिस्टेंट कोच की भूमिका में होंगी, जबकि थारिंदु परेरा टीम के बैटिंग प्रोग्राम की देखरेख करेंगे.
परेरा घरेलू और इंटरनेशनल टीमों के साथ कोचिंग की भूमिकाएं निभा चुके हैं. उन्होंने श्रीलंकाई महिला टीम, वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब, एडिलेड स्ट्राइकर्स और साउथ ऑस्ट्रेलिया की वेस्ट एंड रेडबैक्स के साथ काम किया है.
खबरों के अनुसार, इंग्लैंड की पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी जेनी गन फील्डिंग कोच के तौर पर महिला कोचिंग टीम का हिस्सा बनेंगी. गन टीम के साथ मिलकर उनके निर्णय लेने की क्षमता, एथलेटिसिज्म और फील्डिंग के स्तर को बेहतर बनाने पर काम करेंगी.
–
आरएसजी