
New Delhi, 11 जून . एसीसी विमेस प्रीमियर कप के क्वार्टर-फाइनल में Thursday को आसान जीत के साथ थाईलैंड, हांगकांग, यूएई और इंडोनेशिया ने इस साल के आखिर में होने वाले विमेंस टी20 एशिया कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है.
इन सभी चार टीमों ने लीग स्टेज में अपने-अपने ग्रुप में टॉप किया और नॉकआउट राउंड में भी उसी लय को बरकरार रखा. इन टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई और कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया.
थाईलैंड ने कुआलालंपुर में नेपाल के खिलाफ 56 रन की शानदार जीत के साथ अपना अजेय अभियान जारी रखा. इस मुकाबले में विकेटकीपर-बल्लेबाज नन्नापत कोंचारोएनकाई ने 62 रन की पारी खेली. उनकी इस पारी के साथ थाईलैंड ने 4 विकेट खोकर 130 रन बनाए. इसके बाद उनके गेंदबाजों ने नेपाल को 74/7 के स्कोर पर रोककर एकतरफा जीत हासिल की.
दूसरी ओर, यूएई ने भी मेजबान मलेशिया के खिलाफ आसान जीत हासिल की. तीर्थ सतीश के नाबाद 65 रनों की बदौलत यूएई ने 2 विकेट खोकर 138 रन बनाए, जिसके बाद उसके गेंदबाजों ने मलेशिया को 86/5 रन पर रोककर 52 रन से जीत हासिल की.
हांगकांग ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए जापान को 41 रनों से शिकस्त दी. यास्मीन दसवानी ने 36 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि मरियम बीबी (3/17) और मरीना लैम्पलो (2/11) ने जापान के लक्ष्य का पीछा करने की कोशिश को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाई.
एक अन्य मुकाबले में, इंडोनेशिया ने ओमान को 113 रनों से हराया. कप्तान नी पुतु आयु नंदा सकारिनी ने 51 रन बनाकर टीम का नेतृत्व किया और इंडोनेशिया को 137/7 के स्कोर तक पहुंचाया. इसके जवाब में ओमान 11.5 ओवरों में सिर्फ 24 रन पर ऑलआउट हो गई. नी माडे पुत्री सुवांदेवी ने 11 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.
सेमीफाइनल में थाईलैंड का मुकाबला इंडोनेशिया से होगा, जबकि हांगकांग का मुकाबला Friday को कुआलालंपुर में यूएई से होगा. फिलहाल विमेंस टी20 एशिया कप का शेड्यूल अभी घोषित नहीं किया गया है.
–
आरएसजी