तरुण चुघ का केजरीवाल पर निशाना, बोले- ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ से निकली ‘आप’ मूल आदर्शों से भटक चुकी

चंडीगढ़, 25 अप्रैल . आम आदमी पार्टी (आप) के सांसदों के इस्‍तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन से निकली यह पार्टी अब अपने मूल आदर्शों से भटक चुकी है.

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़े रहे कई प्रमुख लोग उनके कथित भ्रष्ट और स्वार्थी चेहरे को पहचानकर लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं. चुघ ने उदाहरण देते हुए कहा कि किरण बेदी, अन्ना हजारे, कुमार विश्वास और आशुतोष जैसे नामचीन व्यक्तित्व अब केजरीवाल से दूरी बना चुके हैं, जो इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है.

भाजपा नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अंदर जो कुछ हुआ, उससे यह स्पष्ट होता है कि पार्टी के भीतर गंभीर साजिश और भ्रष्टाचार का माहौल रहा है. उनके अनुसार, पार्टी के कई पूर्व सहयोगी इन परिस्थितियों से घुटन महसूस कर रहे थे और इसी कारण उन्होंने अलग राह चुनी.

चुघ ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की Government पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में शासन पूरी तरह विफल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के पास अपने उम्मीदवार तक नहीं थे और उन्हें कांग्रेस तथा अकाली दल से नेताओं को तोड़कर लाना पड़ा, जिससे पार्टी की कमजोर स्थिति उजागर होती है.

तरुण चुघ ने दिल्ली में कथित ‘शीश महल’ का जिक्र करते हुए भी केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि सत्ता के दुरुपयोग का यह उदाहरण जनता के सामने है. उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी अपने सिद्धांतों से पूरी तरह भटक चुकी है और जनता तथा उसके अपने कार्यकर्ताओं का भरोसा भी उससे उठ चुका है. चुघ के अनुसार, पार्टी के सात सांसदों, जिनमें संस्थापक सदस्य भी शामिल हैं, के इस्तीफे इस गिरावट का प्रमाण हैं.

चुघ ने कहा कि पंजाब की जनता अब अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और आम आदमी पार्टी को नकारने का मन बना चुकी है. उन्होंने कहा कि राज्य के लोग वादाखिलाफी करने वाली राजनीति को पसंद नहीं करते और आम आदमी पार्टी का जनाधार तेजी से घट रहा है. उनके मुताबिक, जनता के बीच पार्टी के प्रति गुस्सा बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका असर चुनावी परिणामों में साफ दिखाई देगा.

एएसएच/डीकेपी

Leave a Comment