फराह खान को सुजैन खान ने रखा ‘गोल्ड डाइट’ पर, कोरियोग्राफर ने वीडियो शेयर कर बयां किया दर्द

Mumbai , 23 मई . मशहूर फिल्म निर्माता संजय खान की बेटी और जानी-मानी भारतीय इंटीरियर डिजाइनर सुजैन खान भले ही लाइमलाइट से दूर रहती हैं, लेकिन इंडस्ट्री में उनके दोस्तों का दायरा बेहद खास है. इसी कड़ी में उनका फराह खान के साथ भी खास बॉन्ड है. हाल ही में फराह खान ने बताया कि सुजैन ने उन्हें ‘गोल्ड डाइट’ पर रखा है.

इस बात की जानकारी खुद फराह ने Saturday को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी. उन्होंने स्टोरीज सेक्शन में एयरपोर्ट लाउंज से अपना एक वीडियो शेयर किया और कहा कि वह कुछ भी नहीं खा सकतीं, क्योंकि सुजैन खान ने उन्हें ‘गोल्ड डाइट’ पर रखा है.

फराह ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सुजैन खान ने मुझे ‘गोल्ड डाइट’ पर रखा है.”

बता दें, हाल ही में सुजैन खान ने एक पोस्ट किया था, जिसमें वे ज्वैलरी के साथ नजर आ रही हैं. उन्होंने पोस्ट में लिखा था, “हमने गोल्ड नहीं छोड़ा… बस उसके साथ जुड़ा भारीपन छोड़ दिया है. इसलिए, पेश है ‘द गोल्ड डाइट’… जिसे आज की आधुनिक भारतीय महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.”

फराह खान फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं. भले ही वे अपने यूट्यूब चैनल के जरिए आज की युवा पीढ़ी के बीच खास पहचान रखती हैं, लेकिन वह इंडस्ट्री की मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर हैं. उन्होंने घर चलाने के लिए डांस से अपने करियर की शुरुआत की थी. दरअसल, पिता की फिल्म फ्लॉप होने के कारण उनका परिवार कर्ज में डूब गया था. मां के गहने और घर का सामान तक बेचना पड़ा था. बाद में आर्थिक तंगी के चलते फराह ने एक डांस ग्रुप जॉइन किया और फिल्मों में बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम शुरू किया.

साल 1992 में फिल्म ‘जो जीता वही सिकंदर’ के गाने ‘पहला नशा’ के लिए सरोज खान के प्रोजेक्ट छोड़ने के बाद फराह को कोरियोग्राफी का मौका मिला, जो उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.

इसके बाद उन्होंने ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘कभी खुशी कभी गम’ और ‘कल हो ना हो’ जैसी 100 से अधिक फिल्मों में कोरियोग्राफी की. उन्हें एक राष्ट्रीय पुरस्कार और सात फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुके हैं. फराह कई डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका भी निभा चुकी हैं.

कोरियोग्राफी के बाद फराह ने निर्देशन में भी कदम रखा. साल 2004 में उनकी पहली निर्देशित फिल्म ‘मैं हूं ना’ रिलीज हुई. इसके बाद उन्होंने ‘ओम शांति ओम’ (2007) और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ (2014) जैसी सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन किया. वह फिल्मफेयर पुरस्कार में ‘सर्वश्रेष्ठ निर्देशक’ श्रेणी में नामांकित होने वाली पहली महिला थीं.

एनएस/एएस

Leave a Comment