शुरुआती ओवरों में श्रीलंका ने हमें काफी दबाव में रखा, आगे देखना होगा पिच कैसी मिलती है: मिचेल सेंटनर

कोलंबो, 25 फरवरी . न्यूजीलैंड ने Wednesday को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 61 रन से शानदार जीत दर्ज की. कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने स्वीकारा है कि पारी की शुरुआत में उनकी टीम काफी दबाव में थी.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 75 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया था. इसके बाद टीम 84 के स्कोर तक 6 विकेट खो चुकी थी. यहां से कप्तान मिचेल सेंटनर (47) ने कोल मैककोन्ची (नाबाद 31) के साथ सातवें विकेट के लिए 84 रन जुटाकर टीम को 168/7 के स्कोर तक पहुंचाया. इसके जवाब में श्रीलंका 8 विकेट खोकर 107 रन ही बना सका.

कोल मैककोन्ची के साथ अपनी साझेदारी को लेकर कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा, “गेंद के साथ श्रीलंका के खिलाफ वह एक अच्छा लेकिन कठिन दौर था. उन्होंने हमें काफी दबाव में रखा. 84 रन पर हमारे तीन विकेट गिर गए, जो कभी भी आदर्श स्थिति नहीं होती. लेकिन मैं और कोल मैककोन्ची यही सोच रहे थे कि जितना लंबा खेल को खींच सकें, उतना बेहतर होगा. हमारा लक्ष्य 140 तक पहुंचने का था, ताकि आखिरी दो-तीन ओवरों के लिए मंच तैयार हो सके. वहां से 160 तक पहुंच जाना बुरा नहीं था.”

कप्तान ने अपनी पारी को लेकर कहा, “पिछले मैच में 10 गेंदों पर 5 रन बनाकर मैं खुश नहीं था. यह उन विकेट्स में से एक था, जहां अगर आप टिककर खुद को थोड़ा समय दे दें, तो फिर रन बना सकते हैं. मैं और कोल दोनों यही सोच रहे थे. शुरुआत में बल्लेबाजी करना मुश्किल था, इसलिए 160 तक पहुंचना अच्छा लगा. गेंदबाजी के दौरान भी, पहली पारी देखकर हमें पता था कि क्या करना है.”

कोल मैककोन्ची की शानदार पारी पर कप्तान ने कहा, “टॉस के वक्त विकेट काफी अच्छा लग रहा था, लेकिन यह हमारी और उनकी, दोनों की उम्मीद से ज्यादा स्पिन कर रहा था. बड़े साइड की तरफ स्पिनर के रूप में आप अपनी लेंथ कंट्रोल कर सकते हैं और जब गेंद अंदर की तरफ घूमती है, तो बड़े साइड पर हिट भी मिल सकती है. कोल के लिए यह मैच शानदार रहा. शुरुआत में हम दोनों थोड़े नर्वस थे, लेकिन जैसे-जैसे हम टिके रहे, पारी को गहराई तक ले जाना अच्छा रहा.”

न्यूजीलैंड की टीम अपना अगला मैच 27 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी, जिसे जीतने पर इस टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा. आगामी मुकाबले को लेकर कप्तान सेंटनर ने कहा, “इंग्लैंड बेहतरीन टीम है, इसमें कोई शक नहीं. देखना होगा कि हमें किस तरह की पिच मिलती है. अगर यह कुछ ऐसी ही रही, तो फिर मुकाबला काफी कड़ा हो सकता है.”

आरएसजी

Leave a Comment