पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता ट्रैकर की तलाश में एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

बागेश्वर, 31 मई . उत्तराखंड के बागेश्वर में पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर एक ट्रैकर के लापता होने के बाद सर्च ऑपरेशन जारी है. राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम इस अभियान में जुटी हुई है, लेकिन ट्रैकर का कोई पता नहीं चला है.

अधिकारियों ने बताया कि 29 मई को रात में थाना कपकोट से सूचना प्राप्त हुई कि उत्तर प्रदेश के नोएडा के रहने वाले विशेष चौहान पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर स्थानीय पोर्टर के साथ गए थे. वापसी के दौरान वह अपने पोर्टर से बिछड़ गए और निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट पाए, जिसके पश्चात उनकी खोजबीन के लिए एसडीआरएफ टीम की सहायता मांगी गई.

सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट कपकोट से मुख्य आरक्षी टीका सिंह कार्की के नेतृत्व में टीम स्थानीय Police के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई. सर्च अभियान के दौरान टीम की ओर से गाइड के बताए संभावित स्थान पर पहुंचकर लगभग 60 से 70 मीटर नीचे उतरकर रोप तकनीक की सहायता से गहन खोजबीन की गई. इस दौरान लापता ट्रैकर का कैमरा बरामद हुआ, जिसके बाद पिंडर नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान और अधिक व्यापक रूप से चलाया गया.

हालांकि, विशेष चौहान का कोई भी पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और बेहद खराब मौसम के कारण अभियान को सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाना संभव नहीं हो पाया. मौसम अनुकूल होते ही एसडीआरएफ टीम की ओर से दोबारा सर्च अभियान प्रारंभ किया जाएगा. लापता ट्रैकर की तलाश के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय Police की ओर से समन्वित प्रयास लगातार जारी है.

डीसीएच/

Leave a Comment