
मैनपुरी, 19 दिसंबर . आप नेता संजय सिंह के ‘वीबी-जी राम जी’ को लेकर दिए बयान पर विहिप सदस्य साध्वी प्राची ने नाराजगी जताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि देश की राजनीति बहुत खराब हो गई है. विपक्ष इतनी गंदी राजनीति करेगा, इस पर किसी को विश्वास नहीं था, लेकिन सच सामने आ रहा है.
साध्वी प्राची ने से बातचीत में कहा कि देश राम का है, देश कृष्ण, महादेव और छत्रपति शिवाजी का है. जब हम सोकर उठते हैं तो ‘जय श्री राम जी’ कहते हैं और जब हमारी अंतिम यात्रा निकलती है, काम करते-करते जब किसान थक जाता है तो ‘हे राम’ कहकर अपनी थकावट दूर करता है. बॉर्डर पर खड़े जवान भी ‘हे राम’ कहते हैं. अंतिम यात्रा में ‘राम नाम सत्य है’ कहा जाता है.
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी घटिया राजनीति कर रही है. जो राम जी पर भद्दा मजाक कर रहे हैं, गाली दे रहे हैं. हिंदुस्तान का खाते हैं, लेकिन इनके दिल Pakistan में पड़े हैं. सनातनियों से निवेदन है कि 2026, 2027, 2028 या 2029 का चुनाव हो, इनको सबक सिखाना है. इनकी कुर्सी छीन लो, इनकी हालत खराब हो जाएगी.
आप नेता संजय सिंह ने राज्यसभा में कहा था कि राम के नाम में चरित्र होना चाहिए, वरना हराम में भी राम लिखा हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया था कि अयोध्या में किसानों से सस्ते दाम में जमीन ली गई और बाद में इसे ऊंची कीमतों पर बेच दिया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि भगवान राम के नाम पर आप बिजनेस कर रहे हैं, लोगों को लूट रहे हैं? इसलिए अयोध्या के लोगों ने आपको हराया है.
उन्होंने यह भी कहा था कि अगर आपका चरित्र नहीं रहा, तो देशभर में जनता आपको जवाब देगी और हराएगी. जब मनरेगा योजना लाई गई थी, तो इसे स्थायी समिति के पास भेजा गया था. इस नई योजना को क्यों नहीं भेजा जा रहा है?
–
एएमटी/वीसी