
New Delhi, 12 जून . फिटनेस और हेल्थ प्लेटफॉर्म फिटर (एफआईटीटीआर) ने Friday को घोषणा की कि भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा अब कंपनी के निवेशक और इक्विटी पार्टनर बन गए हैं. इससे पहले वह कंपनी के पहले ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़े थे. हालांकि, कंपनी ने निवेश की राशि का खुलासा नहीं किया है.
एफआईटीटीआर के अनुसार, यह साझेदारी टिकाऊ स्वास्थ्य आदतों, नियमितता और जागरूक जीवनशैली को बढ़ावा देने के साझा उद्देश्य पर आधारित है, जिसका लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों तक फिटनेस और बीमारी से बचाव से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना है.
कंपनी ने बताया कि निवेशक बनने का फैसला करने से पहले रोहित शर्मा ने कई महीनों तक कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जितेंद्र चौकसे तथा नेतृत्व टीम के साथ बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कंपनी के कारोबार, भविष्य की विकास योजनाओं और उसके व्यापक उद्देश्य को गहराई से समझा.
एफआईटीटीआर के संस्थापक और सीईओ जितेंद्र चौकसे ने कहा कि दुनिया में जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं और अब लोगों को फिर से व्यायाम, संतुलित पोषण और नियमितता जैसी बुनियादी बातों पर ध्यान देने की जरूरत है.
उन्होंने कहा, “एफआईटीटीआर में हमारा हमेशा से मानना रहा है कि अच्छी सेहत के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता. रोहित न केवल इस सोच को साझा करते हैं, बल्कि उसे अपनी जिंदगी में भी अपनाते हैं. हमें खुशी है कि हमारी बातचीत अब उन्हें निवेशक और साझेदार के रूप में जोड़ने तक पहुंच गई है.”
रोहित शर्मा ने कहा कि उन्होंने कंपनी के बिजनेस मॉडल और भविष्य की संभावनाओं का करीब से अध्ययन करने के बाद यह फैसला लिया है.
उन्होंने कहा, “मैंने टीम के साथ समय बिताया, कारोबार को समझा और विकास की संभावनाओं को करीब से देखा. कंपनी की बुनियाद मजबूत है, उसका उद्देश्य स्पष्ट है और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद करके बड़ा और स्थायी प्रभाव पैदा करने का अवसर मौजूद है. ऐसे में निवेश बढ़ाने का फैसला लेना आसान था.”
कंपनी के अनुसार, यह साझेदारी एफआईटीटीआर की विकास यात्रा में एक नया मील का पत्थर साबित होगी. कंपनी अपने निवारक स्वास्थ्य तंत्र का विस्तार करने और लोगों को अपने दीर्घकालिक स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के प्रति अधिक जागरूक बनाने की दिशा में काम कर रही है.
–
डीबीपी