राजेश्वरी गायकवाड़: डेब्यू मैच में जलवा बिखरने वालीं स्पिनर, जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता सिल्वर

New Delhi, 31 मई . भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने India के लिए तीनों फॉर्मेट में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है. राजेश्वरी की सटीक लाइन-लेंथ और विकेट लेने की क्षमता टीम की बड़ी ताकत रही है. विमेंस वर्ल्ड कप 2017 में उनका प्रदर्शन विशेष रूप से सराहा गया.

1 जून 1991 को कर्नाटक के बीजापुर में जन्मीं राजेश्वरी के पिता शिवानंद एक शिक्षक थे. राजेश्वरी को जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और वॉलीबॉल जैसे खेल पसंद थे, लेकिन पिता के कहने पर उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया.

हालांकि, 5 बच्चों के परिवार में पिता के लिए क्रिकेट जैसे महंगे खेल का खर्च उठाना बेहद मुश्किल था, लेकिन शिवानंद गायकवाड़ ने हार नहीं मानी. महज 16 साल की उम्र में राजेश्वरी ने अपनी छोटी बहन रामेश्वरी के साथ क्रिकेट ट्रायल में हिस्सा लिया, जहां सभी को प्रभावित किया. इसके बाद अंडर-19 क्रिकेट में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व किया.

शुरुआत में राजेश्वरी तेज गेंदबाजी करती थीं, लेकिन कोच के कहने पर स्पिन गेंदबाजी करनी शुरू की. कोच की नसीहत ही आगे उनके काम आई.

19 जनवरी 2014 को राजेश्वरी गायकवाड़ को श्रीलंका के विरुद्ध वनडे टीम में मौका मिला. कुछ ही दिनों बाद उन्होंने श्रीलंका के ही विरुद्ध अपना टी20 डेब्यू भी किया. दोनों अलग-अलग फॉर्मेट के डेब्य मैच में राजेश्वरी ने सभी को प्रभावित किया.

अपने पहले ही वनडे में राजेश्वरी ने 7.3 ओवरों में महज महज 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. इस दौरान 3 मेडन ओवर भी फेंके. वहीं, टी20 डेब्यू में उन्होंने 24 रन देकर 3 विकेट निकाले.

अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के कुछ दिनों बाद ही राजेश्वरी के पिता का निधन हो गया, जिसने उन्हें झकझोर दिया था. इस दुखद घटना ने परिवार पर भारी आर्थिक संकट ला दिया था, लेकिन राजेश्वरी ने मजबूती से परिस्थितियों को संभाला.

साल 2017 में जून-जुलाई के बीच महिला वनडे वर्ल्ड कप के लिए राजेश्वरी का चयन भारतीय टीम में हुआ. न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में राजेश्वरी ने 7.3 ओवर गेंदबाजी करते हुए महज 15 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे. India ने इस वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई, जहां टीम इंडिया को इंग्लैंड के हाथों 9 रन से करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था.

नवंबर 2014 में राजेश्वरी को टेस्ट में भी डेब्यू का मौका मिला. साल 2022 में राजेश्वरी कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं.

राजेश्वरी गायकवाड़ ने India की तरफ से 5 टेस्ट मैच में 11 विकेट हासिल किए, जबकि वनडे फॉर्मेट के 64 मुकाबलों में 99 विकेट निकाले. 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में राजेश्वरी के नाम पर 61 विकेट हैं.

आरएसजी

Leave a Comment