
गढ़चिरौली, 12 जुलाई . Maharashtra के गढ़चिरौली जिले में Naxalite पर्चा मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. देश के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा नक्सलवाद समाप्ति को लेकर तय समयसीमा के बाद जिले में पहली बार इस तरह का पर्चा सामने आने से इलाके में चर्चा तेज हो गई है.
Police इस बात की जांच कर रही है कि यह पर्चा वास्तव में Naxalite संगठन की ओर से जारी किया गया है या किसी अन्य समूह द्वारा माहौल बनाने का प्रयास किया गया है.
एटापल्ली तहसील के पिपली-बुर्गी Police थाना क्षेत्र में मुख्य सड़क के किनारे लाल रंग के कपड़े पर चेतावनी संदेश लिखा हुआ मिला. इसके अलावा सफेद कागज पर लाल स्याही से लिखा एक पर्चा भी बरामद किया गया, जिसमें कुछ कंपनियों को बंद करने की चेतावनी दी गई है. सूचना मिलने के बाद गढ़चिरौली Police मौके पर पहुंची और पर्चे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
Police ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए गश्त और तलाशी अभियान तेज कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और पर्चे की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.
बताया जा रहा है कि बरामद पर्चे में भाजपा नेता अशोक कामड़े के नाम का उल्लेख किया गया है. इसमें मुख्य रूप से ओम साईं मेमोरियल कंपनी का नाम सामने आया है और कंपनी की गतिविधियों को लेकर विरोध जताया गया है. सूत्रों के मुताबिक, इस कंपनी को खनन कार्य के लिए लगभग 640 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है और कंपनी जिले में अपने कार्यों का विस्तार कर रही है.
हालांकि, इस मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है कि पर्चे में लॉयड्स मेटल कंपनी का नाम शामिल नहीं है, जबकि इससे पहले कथित Naxalite संगठनों की ओर से लॉयड्स मेटल परियोजना का कई बार विरोध किया जा चुका है. इसी कारण Police और सुरक्षा एजेंसियां पर्चे की प्रमाणिकता को लेकर भी जांच कर रही हैं.
–
एससीएच/वीसी