
नोएडा, 15 मई . नोएडा के थाना सेक्टर-142 Police ने मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी के 18 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट और चोरी में इस्तेमाल की जा रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई है.
Police की यह कार्रवाई क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अहम मानी जा रही है. Police के अनुसार,15 मई को थाना सेक्टर-142 Police टीम चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एफएनजी रोड के सर्विस रोड से दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई.
तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र और जुनैद उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है. Police जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. अभियुक्त साप्ताहिक बाजारों, बस्तियों और रिहायशी इलाकों में घूमकर ऐसे घरों की रेकी करते थे, जहां खिड़कियां खुली रहती थीं. मौका मिलते ही खिड़कियों के पास रखे मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट चोरी कर फरार हो जाते थे.
चोरी के बाद यह सामान राह चलते लोगों को बेहद सस्ते दामों में बेच दिया जाता था और उससे मिले पैसों को आरोपी अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च कर देते थे. Police ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद इलेक्ट्रिक स्कूटी भी चोरी की निकली है. यह स्कूटी 16 जनवरी 2026 को एडवांट गेट नंबर-1 के पास थाना सेक्टर-142 क्षेत्र से चोरी की गई थी. इस संबंध में पहले से थाना सेक्टर-142 में मुकदमा दर्ज है.
गिरफ्तार अभियुक्त महेन्द्र की उम्र 27 वर्ष बताई जा रही है और वह नगली वाजिदपुर, थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र का निवासी है. वहीं दूसरा आरोपी जुनैद उर्फ बिट्टू मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के नगली वाजिदपुर में किराए पर रह रहा था.
Police रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है. जुनैद के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आयुध अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं. Police अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है. साथ ही बरामद मोबाइल और अन्य सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है.
–
पीकेटी/वीसी