सास-बहू के रिश्ते पर बोलीं मीनाक्षी शेषाद्रि, ‘मैं पर्सनली चाहती हूं कि शादी के बाद मां और बेटी जैसा रिश्ता हो’

Mumbai , 20 अगस्त . Bollywood फिल्मों में सास और बहू का रिश्ता लंबे समय से एक खास तरह से दिखाया जाता रहा है. कभी दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों पर तकरार दिखाई जाती है, तो कभी सास को सख्त और बहू को परेशान रहने वाली महिला के रूप में पेश किया जाता है. 90 के दशक की कई फिल्मों में यह रिश्ता कहानी का बड़ा हिस्सा हुआ करता था.

अब दिग्गज Actress मीनाक्षी शेषाद्रि ने भी फिल्मों में दिखाए जाने वाले इस रिश्ते पर अपनी बात रखी है. उन्होंने अपनी फिल्म ‘घर हो तो ऐसा’ को याद करते हुए कहा कि पर्दे पर सास-बहू के रिश्ते को अक्सर नकारात्मक तरीके से दिखाया गया है, जबकि असल जिंदगी में यह रिश्ता प्यार और समझ से भरा होना चाहिए.

मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपनी 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘घर हो तो ऐसा’ के मशहूर गाने ‘जनवरी फरवरी’ का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. वीडियो में वह काफी स्टाइलिश अंदाज में नजर आईं. उन्होंने गाने पर अपने डांस और एक्सप्रेशन से पुरानी यादें ताजा कर दीं.

इस वीडियो के साथ मीनाक्षी ने फिल्म और उसमें दिखाए गए सास-बहू के रिश्ते के बारे में बात की.

उन्होंने लिखा, ”फिल्म ‘घर हो तो ऐसा’ में मैंने ऐसी बहू का किरदार निभाया था, जो अपनी सास के गलत व्यवहार के सामने चुप नहीं रहती. फिल्म में मेरी सास का किरदार दिग्गज Actress बिंदू ने निभाया था. मेरे किरदार ने सास को कुछ कड़े सबक सिखाए थे.”

उन्होंने आगे लिखा, ”फिल्म में सास-बहू के बीच होने वाले टकराव को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने के साथ-साथ इसमें कॉमेडी और ड्रामा भी जोड़ा गया था. कहानी में कराटे के सीन भी देखने को मिले थे. फिल्म ने घरेलू रिश्तों से जुड़े एक गंभीर मुद्दे को मनोरंजन के साथ दर्शकों के सामने रखा था. फिल्म में बहू, सास के गलत व्यवहार का सामना करता है और अपने लिए आवाज उठाती है.”

बता दें कि ‘घर हो तो ऐसा’ में मीनाक्षी ने सीमा कुमार का किरदार निभाया था. सीमा, अमर की पत्नी थी, जिसका किरदार अनिल कपूर ने निभाया था. फिल्म में सीमा को एक मजबूत और निडर महिला के तौर पर दिखाया गया था. वह अपने ससुराल में होने वाले गलत व्यवहार को सहने के बजाय उसका विरोध करती है. वहीं, बिंदू ने एक ऐसी सास का किरदार निभाया था, जो अपनी बहू के प्रति सख्त और नकारात्मक रवैया रखती है.

बिंदू का यह किरदार भी फिल्म के यादगार किरदारों में शामिल रहा. उस दौर में फिल्मों में सास को अक्सर इसी तरह के किरदार में दिखाया जाता था.

मीनाक्षी ने उसी पुराने दौर को याद करते हुए अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, ”मैं पर्सनली चाहती हूं कि शादी के बाद सास और बहू के बीच एक खूबसूरत रिश्ता बनना चाहिए, बिल्कुल मां और बेटी जैसा.”

‘जनवरी फरवरी’ गाने की बात करें तो इसे आशा भोसले और मोहम्मद अजीज ने गाया था. गाने का संगीत बप्पी लाहिड़ी ने दिया था और इसके बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे.

पीके/डीकेपी

Leave a Comment