
गाजियाबाद, 20 मई . गाजियाबाद के बीएस रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओमेगा प्रिंट पैक्स फैक्ट्री में Wednesday को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री से उठता धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया.
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. जानकारी के अनुसार, कमिश्नरेट गाजियाबाद के फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना प्राप्त हुई कि बीएस रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ओमेगा प्रिंट पैक्स फैक्ट्री, ई-77/2 में भीषण आग लग गई है. सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी सहित कई फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए.
मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि फैक्ट्री के भीतर आग तेजी से फैल चुकी थी और चारों ओर घना काला धुआं फैला हुआ था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली.
दमकल कर्मियों ने तुरंत चार हौज पाइप फैलाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया. आग फैक्ट्री के अंदर तक पहुंच चुकी थी, जिसके कारण दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर दीवारें तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा ताकि आग पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण किया जा सके.
आग की तीव्रता बढ़ती देख गाजियाबाद जनपद के सभी फायर स्टेशनों से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं. इसके अलावा पड़ोसी जनपद गौतमबुद्धनगर और हापुड़ से भी फायर यूनिट को मौके पर भेजा गया. करीब 12 दमकल गाड़ियों और बड़ी संख्या में दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक दिया. यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास स्थित अन्य औद्योगिक इकाइयां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं.
लगभग एक घंटे की लगातार मेहनत के बाद दमकल विभाग ने आग को पूरी तरह शांत कर दिया. फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी आग का कारण हो सकती है. हालांकि, अधिकारियों द्वारा इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी.
–
पीकेटी/डीकेपी