
नोएडा, 17 मार्च . नोएडा के हाजीपुर अंडरपास के पास Tuesday को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सर्विस लेन के सूखे नाले में जा गिरी. घटना के समय कार में आईएमएस नोएडा के छात्र सवार थे.
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई. हालांकि, कार सवार छात्रों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया. इसके बाद कार सीधे सर्विस लेन के किनारे बने सूखे नाले में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत Police व ट्रैफिक विभाग को सूचना दी.
सूचना मिलते ही ट्रैफिक Police और संबंधित थाना Police की टीम मौके पर पहुंच गई. Police ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे छात्रों को बाहर निकाला. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सर्विस लेन पर यातायात प्रभावित रहा. Police ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक को सुचारु रूप से चालू कराया. वहीं, नाले में गिरी कार को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन मंगाई गई, जिसकी मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है. Police मामले की जांच कर रही है और वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
–
पीकेटी/डीकेपी