
महेंद्रगढ़, 21 मार्च . महेंद्रगढ़ Police ने एक अपहरण और मारपीट की वारदात को महज डेढ़ घंटे में सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पाथेड़ा निवासी दीपक और हिमांशु, गांव भगड़ाना निवासी संदीप, गांव मालड़ा सराय निवासी विनोद और गांव देवास निवासी अनिल के रूप में हुई है.
पीड़ित प्रदीप कुमार ने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे देवीलाल कॉलोनी स्थित अपने प्लॉट पर था, तभी एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार चार युवक वहां पहुंचे. आरोपियों ने उसे जबरन कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा. इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर गांव भड़फ बणी की ओर ले गए, जहां एक अन्य आरोपी को बुलाकर दोबारा मारपीट की गई.
प्रदीप के अनुसार, आरोपियों ने पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर उस पर दबाव बनाया और धमकियां दीं. बाद में वे उसे उसके घर ले गए और कुछ कागजात लेने की कोशिश की. इसी दौरान Police ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें दबोच लिया.
शहर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से अपहरण की सूचना मिलते ही दो Police टीमों का गठन किया गया और तुरंत नाकाबंदी लगा दी गई. जांच में पता चला कि प्लॉट पर पहले मारपीट हुई, फिर स्कॉर्पियो में अपहरण कर लिया गया. आरोपियों ने पीड़ित की स्विफ्ट कार भी साथ ले ली थी.
Police ने त्वरित दबिश देकर पांचों आरोपियों को काबू कर लिया और दोनों गाड़ियां बरामद कर लीं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अनिल और पीड़ित के बीच पहले से पैसों का लेन-देन चल रहा था, जबकि बाकी आरोपी उसके जानकार हैं जो इस वारदात में शामिल हो गए.
Police ने मामले में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. Police की इस तेज कार्रवाई की इलाके में सराहना हो रही है.
–
वीसी