उत्तराखंड: नैनीताल के धारी में तेंदुए ने महिला को मार डाला, क्षेत्र में दहशत

नैनीताल, 26 दिसंबर . उत्तराखंड के नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ रहा है. Friday सुबह एक तेंदुए ने घर के पास से एक महिला पर हमला कर उसे घसीटते हुए जंगल में ले जाकर मार डाला. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है.

घटना ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा की है. यहां की निवासी हेमा देवी (पत्नी गोपाल सिंह) सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं. घर के पास ही घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया और घसीटते हुए जंगल में ले गया. घटना के समय महिला के देवर ने तेंदुए को ले जाते हुए देखा. उन्होंने शोर मचाया और पत्थर फेंककर तेंदुए को भगाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुए ने महिला को नहीं छोड़ा.

सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन जंगल में खोजबीन के लिए निकल पड़े. कई घंटों की तलाशी के बाद महिला का शव जंगल में बरामद हुआ. इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है. मृतका हेमा देवी के तीन छोटे बच्चे हैं—दो बेटियां और एक बेटा.

घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है. गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और तेंदुए को तुरंत पकड़ने या ट्रैप करने की मांग की. कुछ रिपोर्ट्स में ग्रामीणों द्वारा वन रेंजर को बंदी बनाने की भी बात सामने आई है. ग्रामीणों ने परिवार को एक व्यक्ति की नौकरी देने की भी मांग उठाई.

विधायक राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे और मृतका के परिजनों को दस लाख रुपए की सहायता राशि दी. उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है. वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं.

एसएचके/डीकेपी

Leave a Comment