
चतरा/रामगढ़, 21 मई . Jharkhand Police ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा और रामगढ़ जिलों में बड़ी कार्रवाई की. चतरा में Police ने करीब 324 किलो अवैध अफीम डोडा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपए आंकी गई है.
वहीं, रामगढ़ जिले के पतरातू में ब्राउन शुगर और हेरोइन के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. चतरा जिले में यह कार्रवाई चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान के दौरान की गई. Police अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के देल्हो से दो चारपहिया वाहनों के जरिए अवैध अफीम डोडा की तस्करी की जा रही है.
सूचना के आधार पर अनुमंडल Police पदाधिकारी सिमरिया नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. चेकिंग अभियान के दौरान Police ने एक अर्टिगा और एक होंडा अमेज कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले.
तलाशी लेने पर अर्टिगा से 169 किलो और होंडा अमेज से 155 किलो अफीम डोडा बरामद किया गया. Police ने दोनों वाहनों को जब्त कर सिमरिया थाना में मामला दर्ज किया है. Police फरार तस्करों की तलाश में जुटी है.
उधर, रामगढ़ जिले के पतरातू में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान Police ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर जांच की. तलाशी में एक युवक के पास से 9.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
पूछताछ में दोनों ने बासल थाना क्षेत्र के अर्जुन कुमार महतो का नाम बताया, जिसके बाद Police ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 10 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है. तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
–
एसएनसी/डीकेपी