वीडियो में देखा जा सकता है स्ट्रांग रूम खोलकर व लाइट जलाकर कुछ किया जा रहा है: डोला सेन

कोलकाता, 1 मई . पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान पोस्टल बैलेट को लेकर सत्ताधारी टीएमसी और चुनाव आयोग के बीच हुए विवाद को लेकर टीएमसी सांसद डोला सेन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की ओर से हर स्ट्रांग रूम के बाहर cctv फुटेज का वीडियो दिखाई दे रहा है. कोई भी जाकर देख सकता है.

डोला सेन ने कहा कि यह वीडियो ऑफिशियल है. हमारी ओर से किसी ने वीडियो देखा नहीं क्योंकि अंदर जाना मना है. चुनाव आयोग की ओर से जो cctv का वीडियो फुटेज स्क्रीन में दिखाया जा रहा है, उसको हमने शेयर किया है. अगर वो वीडियो फर्जी होगा तो चुनाव आयोग भी फर्जी निकलेगा. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सबको पता है कि चुनाव आयोग ने क्या कुछ नहीं किया.

डोला सेन ने कहा कि हमारे 225 लोगों की जान चली गई. 90 लाख मतदाताओं का नाम काट दिया गया. चुनाव आयोग जो चाह रहा है, वो कर रहा है. उन्होंने कहा कि कल जो हमारी पार्टी की तरफ से वीडियो शेयर किया गया, जिसमें स्पष्ट तौर से देखा जा सकता है कि स्ट्रांग रूम खोलकर, लाइट जलाकर कुछ किया जा रहा है. ये सबको दिखाई दिया. यही वजह है कि हमारे उम्मीदवार वहां गए थे. उसके बाद पोस्टल बैलेट के लिए चुनाव आयोग की ओर से बोला गया.

उन्होंने कहा कि हमारे और विपक्षी उम्मीदवार वहां गए थे. चुनाव आयोग को मजबूरन दिखाना पड़ा कि ये पोस्टल बैलेट वाला है. डोला सेन ने कहा कि सवाल यह है कि चुनाव आयोग की तरफ से पहले क्यों नहीं बताया गया? स्ट्रांग रूम सील होते समय सबका साइन होता है. पोस्टल बैलेट ही सही स्ट्रांग रूम को क्यों खोला गया? पहले से सबको बताया क्यों नहीं गया?

डोला सेन ने कहा कि 4 बजे मेल के माध्यम से जानकारी दी गई और चार बजे ही स्ट्रांग रूम खोल दिया गया. सबको आने के लिए चुनाव आयोग को वक्त देना चाहिए था. चुनाव आयोग की ओर से जो किया गया वो गैर-कानूनी था. यही वजह है कि हमारी पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि इसको लेकर हमारी पार्टी की ओर से लीगल एक्शन लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने चीफ इलेक्शन एजेंट के साथ स्ट्रांग रूम में बतौर उम्मीदवार गई थीं.

एसडी/पीएम

Leave a Comment