आईपीएल 2026: उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं करोड़ों में बिके ये 5 खिलाड़ी, प्रदर्शन से किया निराश

New Delhi, 23 अप्रैल . आईपीएल 2026 का आधा सफर लगभग तय हो चुका है. कुछ खिलाड़ी इस सीजन अपने दमदार प्रदर्शन के बूते खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. हालांकि, कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिनके लिए फ्रेंचाइजियों ने करोड़ों की बोली लगाकर उन्हें टीम में शामिल किया था, लेकिन इन प्लेयर्स का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक ही रहा है. आइए ऐसे ही पांच खिलाड़ियों के नाम आपको बताते हैं.

कैमरून ग्रीन: ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर को खरीदने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे. हालांकि, ग्रीन ने इस सीजन खेले अब तक 7 मुकाबलों में अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया है. ग्रीन के बल्ले से 7 पारियों में 27 की औसत और 151 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 162 रन निकले हैं. यह हाल तब है जब उन्हें ज्यादातर बल्लेबाजी करने का मौका टॉप ऑर्डर में मिला है. शुरुआती 4 मुकाबलों में ग्रीन पीठ की समस्या के कारण गेंदबाजी नहीं कर सके थे, जबकि आखिरी 3 मुकाबलों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने महज एक विकेट निकाला है और उनका इकोनॉमी 14.16 का रहा है.

लियाम लिविंगस्टन: इंग्लैंड के बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ रुपये में खरीदा था. लिविंगस्टन से उम्मीद थी कि वह अपनी तूफानी बल्लेबाजी से अकेले दम पर मुकाबलों का रुख पलटेंगे. हालांकि, इंग्लिश बल्लेबाज इस सीजन बुरी तरह से संघर्ष करता नजर आया है. उन्हें 2 मुकाबलों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने सिर्फ 15 रन बनाए हैं.

कार्तिक शर्मा: चेन्नई सुपर किंग्स ने विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा के लिए ऑक्शन टेबल पर कई फ्रेंचाइजियों से जंग लड़ने के बाद उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. हर किसी की नजरें कार्तिक की बल्लेबाजी पर थीं, लेकिन आईपीएल 2026 में वह अब तक बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं. कार्तिक ने 3 मुकाबलों में 119 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए महज 25 रन ही बनाए हैं.

फिन एलेन: कोलकाता नाइट राइडर्स ने फिन एलेन को 2 करोड़ रुपये खर्च करते हुए टीम में शामिल किया था. एलेन ने टी20 विश्व कप 2026 में सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया था. यही वजह थी कि आईपीएल 2026 में उनकी तूफानी बल्लेबाजी देखने को हर कोई बेकरार था. हालांकि, न्यूजीलैंड का यह बल्लेबाज उम्मीदों पर अब तक खरा नहीं उतर सका है. एलेन ने 5 पारियों में 16.20 की औसत से महज 81 रन ही बनाए हैं. सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने के बावजूद एलेन एक अर्धशतक तक नहीं लगा सके हैं.

ग्लेन फिलिप्स: न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को Gujarat टाइटंस ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था. हालांकि, फिलिप्स अपने प्रदर्शन से उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं. उन्होंने 6 मुकाबलों में 16.75 की औसत और 124 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सिर्फ 67 रन बनाए हैं. तूफानी बल्लेबाजी के लिए मशहूर फिलिप्स का स्ट्राइक रेट टूर्नामेंट में सिर्फ 124.07 का रहा है.

एसएम/डीकेपी

Leave a Comment