
New Delhi, 27 अप्रैल . दिल्ली की धूलभरी आंधी और विकेटों के पतझड़ के बीच दिल्ली कैपिटल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स Bengaluru (आरसीबी) के खिलाफ महज 75 रन पर सिमट गई. Monday को सीजन का 39वां मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है.
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी दिल्ली कैपिटल्स महज 16.3 ओवर ही खेल सकी. इस टीम को मैच की दूसरी गेंद पर साहिल परख के रूप में पहला झटका लगा. साहिल अपने आईपीएल करियर के पहले मैच में खाता तक नहीं खोल सके.
इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि मेजबान टीम ने महज 8 के स्कोर तक 6 विकेट खो दिए थे. इसके बाद डेविड मिलर ने अभिषेक पोरेल के साथ सातवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 35 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. इस बीच धूलभरी आंधी शुरू हो गई और कुछ मिनटों के लिए मैच रोकना पड़ा. हालांकि, सभी खिलाड़ी मैदान पर ही डटे रहे.
कुछ देर बाद मुकाबला फिर से शुरू हुआ. 9वें ओवर की अंतिम गेंद पर मिलर आउट हो गए. उन्होंने 18 गेंदों में 3 चौकों के साथ 19 रन की पारी खेली, जिसके बाद अभिषेक ने मोर्चा संभालते हुए 33 गेंदों में 30 रन जुटाए. उनके अलावा, काइल जैमीसन ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.
आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड ने 12 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट निकाले. रासिख सलाम डार, सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या ने 1-1 विकेट हासिल किया.
अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स साहिल परख, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, दुष्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव और टी. नटराजन के साथ मैदान पर उतरी है.
वहीं, रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स Bengaluru विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम डार के साथ यह मैच खेल रही है.
–
आरएसजी