
इंदौर, 29 दिसंबर . इंदौर में साइबर ठगी के खिलाफ Police को बड़ी सफलता मिली है. एरोड्रम थाना Police ने कमीशन के लालच में साइबर ठगों की मदद करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह ठगी की रकम को विदेश, खासतौर पर चीनी कंपनियों तक पहुंचाने का काम कर रहा था.
Police के अनुसार, इस मामले में फरियादी सलोनी नांदेकर को शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर अज्ञात साइबर ठगों ने 1 लाख 63 हजार रुपए से अधिक की ठगी की थी. शिकायत मिलने के बाद Police ने मामले की जांच शुरू की.
जांच के दौरान सबसे पहले खाताधारक तौफीक रहमानी को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में तौफीक ने बताया कि वह कमीशन के बदले अपने और अपने भाई के बैंक खाते किराए पर देता था. उसकी निशानदेही पर Police ने हिमांशु वर्मा को गिरफ्तार किया, जिसने पूरे नेटवर्क के संचालन की जिम्मेदारी संभालने की बात स्वीकार की. इसके बाद हिमांशु की जानकारी पर उसके साथी फरहान, जितेंद्र रावल और प्रवीण चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
Police जांच में सामने आया कि आरोपी युवाओं को घर बैठे कमाई और कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे. इन खातों में साइबर ठगी, अवैध ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी निवेश से प्राप्त रकम डलवाई जाती थी. रकम आते ही उसे क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर चीनी कंपनियों को ट्रांसफर कर दिया जाता था, ताकि लेनदेन का पता लगाना मुश्किल हो सके.
Police ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के कुल 15 एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर Police रिमांड लिया गया. फिलहाल Police पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.
डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि साइबर ठगी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और ऐसे गिरोहों पर सख्ती से शिकंजा कसा जाएगा. सभी आरोपी इंदौर के आसपास के ही रहने वाले हैं. इनके पास से कैश भी बरामद हुआ है. गिरफ्तार किए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है.
–
एएमटी/वीसी