
इस्लामाबाद, 9 अप्रैल . Pakistan के कराची में बंदूक हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, तीन दिनों में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं और कुछ किशोर लड़के शामिल हैं. लोग डर और चिंता जता रहे हैं और कह रहे हैं कि वे सड़क पर अपराधियों और गोलीबारी से असुरक्षित महसूस करते हैं.
Pakistan के प्रमुख दैनिक अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, कराची में आए दिन होने वाली अंधाधुंध गोलीबारी की घटनाओं के चलते लोग सड़क पर ही नहीं, बल्कि अपने घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. Police का दावा है कि शहर में अपराध घटे हैं, लेकिन लोग इसे नहीं मान रहे. Police का कहना है कि सभी हमलों की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
पहली घटना में 22 साल के अयान को गौस पाक रोड के पास गोली लगी. दूसरी घटना में 45 साल की शेरीना बलदिया में घायल हुईं. तीसरी घटना में 52 साल की जमिला बेगम को लियाकताबाद दस के अल-आजम स्क्वायर में गोली लगी.
एक अलग घटना में 27 साल के बिलाल अहमद को उत्तरी कराची में गोली लगी, जबकि चकीवाड़ा में 12 साल का मुजम्मिल घायल पाया गया.
एक और घटना में 30 साल के मुर्तजा को गबोल टाउन में गोली लगी और 28 साल के नोमान चाकीवाड़ा में घायल हुए. 74 साल के नसीर पापोष नगर में और 39 साल की नजमा ओरंगी टाउन में गोली लगने से घायल हुए.
कराची में गोलीबारी की ये घटनाएं 4 से 6 अप्रैल के बीच हुईं. ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, ये सभी लोग अनजान दिशाओं से चली गोलियों के शिकार हुए.
आलोचक कह रहे हैं कि Police फायरिंग रोकने में नाकाम रही है, जिसके कारण आम लोग परेशान हैं.
पिछले साल नवंबर में कराची में 4,700 से ज्यादा सड़क अपराध हुए थे. सिटीजन Police लायजन कमेटी (सीपीएलसी) के डेटा के अनुसार, 160 वाहन चोरी और झपटमारी की घटनाएं हुईं. वहीं 3,143 मोटरसाइकिल चोरी के मामले दर्ज हुए. 1,403 लोगों के मोबाइल भी बंदूक के बल पर छीन लिए गए. इसके अलावा, एक अपहरण और 15 फिरौती की घटनाएं हुईं. शहर में 39 हत्या और अन्य हिंसक अपराध भी दर्ज हुए.
–
एवाई/डीकेपी