नोएडा: हीट वेव का बढ़ता असर, स्कूलों में बच्चों को ग्राउंड जाने पर पाबंदी

नोएडा, 21 अप्रैल . नोएडा में भीषण गर्मी और हीट वेव का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, तापमान में 21 अप्रैल से ही लगातार उछाल देखने को मिल रहा है. अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह एवं शाम की आर्द्रता क्रमशः 37 और 20 प्रतिशत रही. इस दिन सतही तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान था, मगर असली चुनौती 22 अप्रैल से शुरू हो रही है.

मौसम विभाग ने 22 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं, आर्द्रता का स्तर 45 से 20 प्रतिशत के बीच रहेगा. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पूरे दिन हीट वेव रहेगी, खासकर दोपहर और शाम के समय हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी. 23 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो जाएगी. अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. आर्द्रता 45/20 प्रतिशत ही रहेगी, लेकिन दोपहर व शाम को हीट वेब का अलर्ट जारी रहेगा.

24 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है. आर्द्रता 45 से 20 प्रतिशत ही रहेगी और दोपहर-शाम हीट वेव जारी रहेगी. 25 अप्रैल को राहत के कुछ आसार हैं, जब अधिकतम तापमान 43 व न्यूनतम 25 डिग्री रह सकता है. आर्द्रता बढ़कर 50/25 प्रतिशत हो जाएगी और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन कोई गंभीर चेतावनी नहीं होगी.

26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम 25 डिग्री तथा आर्द्रता 55/25 प्रतिशत रहेगी, मगर आसमान आंशिक बादलों वाला रहेगा. हीट वेव के इस गंभीर प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में बच्चों को खेल के समय ग्राउंड या बाहर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है.

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच घरों में रहने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने नागरिकों से अत्यधिक सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने का आग्रह किया है.

पीकेटी/डीकेपी

Leave a Comment